चार जिलों का आतंक एरिया कमांडर हलचल गिरफ्तार

औरंगाबाद, गया, अरवल व नवादा जिलों की पुलिस कर रही थी तलाश
औरंगाबाद कार्यालय. प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी का एरिया कमांडर और चार जिलों में आतंक का पर्याय बना राजकिशोर यादव उर्फ करीमन उर्फ हलचल पुलिस के हत्थे चढ़ गया. इसकी गिरफ्तारी गोह प्रखंड के उपहारा थाने की पुलिस ने गुप्त सूचना पर बुधई खुर्द गांव स्थित उसके घर से की है. दाउदनगर एसडीपीओ कुमार ऋषिराज ने बताया कि बुधवार को उपहारा थानाध्यक्ष मनेष कुमार को सूचना मिली कि विभिन्न नक्सल एवं अन्य कांडों में फरार वांछित नक्सली एरिया कमांडर व बुधई खुर्द गांव निवासी वलेश्वर यादव उर्फ साधु यादव के पुत्र राजकिशोर यादव उर्फ करीमन उर्फ हलचल अपने गांव में आया है. थानाध्यक्ष ने इस सूचना से वरीय पदाधिकारी को अवगत कराया. पुलिस अधीक्षक स्वप्ना जी मेश्राम के निर्देश पर एसटीएफ को शामिल करते हुए विशेष टीम गठित कर नक्सली के गांव में छापेमारी की गयी. उक्त नक्सली को उसके घर से दक्षिण दिशा में लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर बधार में स्थित झोंपड़ी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया. एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार एरिया कमांडर के विरुद्ध औरंगाबाद जिले के गोह, हसपुरा, खुदवां, बंदेया, देवकुंड, रफीगंज, उपहारा थानाें में कई मामले दर्ज है. इसके अलावा गया जिले के कोच थाना में पांच, टिकारी में एक और नवादा जिले के सिरदला, रजौली के साथ-साथ अरवल जिले के करपी थानाें में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज है. वैसे उसके खिलाफ 22 मामले चिह्नित किये गये है, जिसमें पुलिस उसकी तलाश कर रही थी. इधर, जानकारी मिली कि वर्ष 1997 में एरिया कमांडर हलचल के खिलाफ पहली प्राथमिकी गोह थाने में कांड संख्या 115/97 के रूप में दर्ज हुई. 1998 में गया के कोच थाने में तीन मामले दर्ज हुए. इसके बाद वर्ष 2010 से 2024 तक 18 मामले दर्ज हुए. इसी वर्ष रफीगंज थाने में चार जून को कांड संख्या 216/24 दर्ज की गयी. छापेमारी टीम में थानाध्यक्ष मनेष कुमार के साथ-साथ पुलिस अवर निरीक्षक मुरलीधर महतो, सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार सागर के अलावा एसटीएफ व उपहारा थाने के जवान शामिल थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




