औरंगाबाद : NTPC नवीनगर ने 61 ग्रामीण बेटियों के सपनों को दी उड़ान, 6 छात्राओं को मिलेगी 12वीं तक मुफ्त शिक्षा

Updated:
विज्ञापन

कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुति देती बच्चियां

Aurangabad News : एनटीपीसी नवीनगर के बालिका सशक्तिकरण अभियान का भव्य समापन हुआ। 61 ग्रामीण बच्चियों को शिक्षा, कंप्यूटर, योग, कराटे और जीवन कौशल का प्रशिक्षण दिया गया. चयनित छात्राओं को मुफ्त शिक्षा का भी अवसर मिलेगा.

विज्ञापन

औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह
Aurangabad News :
एनटीपीसी नवीनगर ने बालिका सशक्तिकरण अभियान के माध्यम से 61 ग्रामीण बालिकाओं के सपनों को एक नई उड़ान प्रदान की है. दो जून को 61 बालिकाओं के साथ शुरू हुए इस उच्च स्तरीय शैक्षणिक आवासीय प्रशिक्षण अभियान के समापन समारोह का भव्य आयोजन शनिवार को परियोजना परिसर में किया गया.

इस विशेष समारोह में अभियान की प्रतिभावान प्रतिभागियों द्वारा विभिन्न प्रकार के मनमोहक और सांस्कृतिक प्रदर्शन प्रस्तुत किए गए, जिनमें डांस, नाट्य, संगीत, कला और योग प्रदर्शन मुख्य रूप से शामिल थे.

ग्रामीण बालिकाओं की मेधा निखरेगी

इस गरिमामयी अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, एनटीपीसी के क्षेत्रीय कार्यकारी निदेशक (पूर्वी क्षेत्र-1) एल के बेहेरा ने बालिकाओं के उत्कृष्ट प्रदर्शन के प्रति गहरा हर्ष जताया. अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बालिका सशक्तिकरण अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण बालिकाओं में छिपी मेधा को उजागर कर उन्हें हर क्षेत्र में सशक्त बनाना है, जिससे वे भविष्य में अपने परिवार एवं गांव में एक सकारात्मक बदलाव ला सकें और देश के विकास में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें.

अब तक 180 बेटियां प्रशिक्षित

बता दें कि साल 2023 से प्रत्येक वर्ष संचालित इस कल्याणकारी अभियान के माध्यम से अब तक कुल 180 ग्रामीण बच्चियों ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण प्राप्त कर चुकी हैं. इनमें से चयनित 11 छात्राएं वर्तमान में बाल भारती पब्लिक स्कूल में एनटीपीसी के सहयोग से पूरी तरह निःशुल्क शिक्षा ग्रहण कर रही हैं. इस वर्ष आयोजित हुई इस आवासीय कार्यशाला में बारुण एवं नवीनगर प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 61 मेधावी छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया.

सर्वांगीण विकास के लिए सुविधाएं

इस विशेष अभियान के दौरान बालिकाओं को गणित, अंग्रेज़ी, हिंदी आदि महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई के साथ-साथ कंप्यूटर, कराटे, योग एवं अन्य कई प्रकार के जीवन कौशल का प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया. इसके साथ ही, सभी छात्राओं को परियोजना परिसर में सुरक्षित छात्रावास एवं पौष्टिक आहार की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे उनका सर्वांगीण विकास सुनिश्चित हो सके.

12वीं तक मुफ्त शिक्षा

इस अभियान से चयनित छह बालिकाओं का शीघ्र ही एनटीपीसी द्वारा बाल भारती पब्लिक स्कूल में दाखिला कराया जाएगा, जिससे उन्हें कक्षा 12वीं तक निःशुल्क उच्च शिक्षा प्राप्त हो सकेगी.

कार्यक्रम में गणमान्य लोग मौजूद

मुख्य अतिथि श्री बेहेरा के अलावा इस विदाई और सम्मान कार्यक्रम में स्वरा महिला संघ की अध्यक्षा आरती बेहेरा, महाप्रबंधक अनिल कुमार टी सी, महाप्रबंधक (परियोजना) राकेश शर्मा, सीआईएसएफ के उप कमांडेंट रफाकत खान तथा अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) ओंकार नाथ समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन की शोभा बढ़ाई और बच्चों का उत्साहवर्धन किया.

Also Read : औरंगाबाद : 11 हजार वोल्ट तार की चपेट में आने से व्यक्ति की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन