औरंगाबाद: एनएच-19 पर भीषण सड़क हादसा, अज्ञात ट्रक की टक्कर से दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल

सदर अस्पताल में लगी भीड़ | Prabhat Khabar Network
राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर एक भयानक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा तब हुआ जब वे दूध लेने जा रहे थे।
Aurangabad News: राष्ट्रीय राजमार्ग-19 (NH-19) पर नगर थाना क्षेत्र के कामा बीघा पुल के समीप शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई.
दूध लेने जाने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शाहपुर अखाड़ा के समीप रहने वाले तीन युवक एक ही बाइक पर सवार होकर दूध लेने के लिए निकले थे. इसी दौरान कामा बीघा पुल के पास किसी तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगने के बाद तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को तुरंत सदर अस्पताल पहुंचाया.
दो को चिकित्सकों ने घोषित किया मृत, तीसरा गया रेफर
सदर अस्पताल में तैनात चिकित्सकों ने जांच के उपरांत पड़रिया गांव निवासी रामजनम यादव के पुत्र अभय कुमार तथा शाहपुर अखाड़ा निवासी लकी कुमार को मृत घोषित कर दिया. वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल तीसरे युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, गया रेफर कर दिया गया है.
मामले की जांच में जुटी पुलिस, परिवारों में मातम
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस दुर्घटना को अंजाम देकर फरार हुए अज्ञात ट्रक और उसके चालक की पहचान करने के लिए आसपास लगे कैमरों को खंगाल रही है. हादसे के बाद सदर अस्पताल में मृतकों के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. इस हृदयविदारक घटना से दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










