औरंगाबाद पुलिस की बड़ी कामयाबी, अपहरण के 2.5 घंटे के भीतर युवक सकुशल बरामद, 5 आरोपी दबोचे गए

Updated:
विज्ञापन
aurangabad news

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मामले का खुलासा कर जानकारी देते सदर SDPO सुशील कुमार

औरंगाबाद के देवजरा थाना क्षेत्र से अगवा किए गए युवक को पुलिस ने महज ढाई घंटे के भीतर सुरक्षित बरामद कर लिया। विशेष टीम ने पीछा कर वाहन को घेरते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से एक देसी कट्टा व आठ मोबाइल फोन जब्त किए

विज्ञापन

औरंगाबाद से सुजीत कुमार सिंह की रिपोर्ट:
Aurangabad News:
औरंगाबाद जिला पुलिस ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के पांडेयपुर गांव के पास से अपराधियों के चंगुल से एक अपहृत युवक को सकुशल बरामद कर लिया है. इसके साथ ही वारदात में शामिल पांच शातिर अपराधियों को भी दबोचा गया है. गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक देसी कट्टा और आठ मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं. बड़ी बात यह है कि घटना के महज ढाई घंटे के भीतर ही पुलिस अधीक्षक (एसपी) अंबरीश राहुल द्वारा गठित विशेष टीम ने अपराधियों को दबोच लिया और युवक को सुरक्षित बचा लिया. घटना से संबंधित तमाम अहम जानकारियां सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस वार्ता के दौरान साझा कीं.

तुरंत एक्शन मोड में आई पुलिस

एसडीपीओ ने बताया कि शनिवार को देवजरा थाना क्षेत्र के धमौल गांव निवासी मुकेश कुमार पाल को अपराधियों द्वारा देवजरा थाना क्षेत्र से ही अगवा कर लिया गया था. अपहरण के दौरान अपराधियों ने उसके साथ मारपीट भी की और उसे एक ईको (UCO) वाहन में जबरन लादकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही औरंगाबाद पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई.

फोटो पर क्लिक कर रजिस्टर करें

ओरा पुल के नीचे नाकाबंदी कर पुलिस ने अपराधियों को घेरा

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर एसडीपीओ वन के नेतृत्व में मुफस्सिल, देव और देवजरा थानाध्यक्ष के साथ पुलिस पदाधिकारियों की एक विशेष टीम गठित की गई. जिला पुलिस द्वारा जगह-जगह बैरिकेडिंग कर सघन चेकिंग शुरू की गई. गठित विशेष टीम द्वारा अपने-अपने थाना क्षेत्र अंतर्गत प्रमुख चौक-चौराहों पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच की जा रही थी. इसी क्रम में मुफस्सिल थाना अंतर्गत ओरा पुल के नीचे एक संदिग्ध चार चक्का वाहन पुलिस बल को देखकर भागने लगा. पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसका पीछा किया और पांडेयपुर पुल के नीचे जवानों के सहयोग से उक्त गाड़ी को चारों तरफ से घेरकर पकड़ लिया.

गाड़ी की डिक्की से मिला देसी कट्टा, मुफस्सिल थाने में केस दर्ज

वाहन की तलाशी के क्रम में पुलिस ने गाड़ी के भीतर से मुकेश पाल को सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद जब गाड़ी की डिक्की में रखे एक बैग की जांच की गई, तो उसमें से एक देसी कट्टा बरामद हुआ. गाड़ी में बैठे अन्य पांच व्यक्तियों से जब हथियार के लाइसेंस और उसके संबंध में पूछताछ की गई, तो उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया. इसके बाद बरामद देसी कट्टा की विधिवत जब्ती सूची तैयार कर उक्त पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. इस संदर्भ में मुफस्सिल थाना में कांड संख्या-275/26 के रूप में एफआईआर दर्ज की गई है.

कैमूर जिले के रहने वाले हैं सभी शातिर अपराधी

गिरफ्तार अपराधियों ने पुलिस की पूछताछ के दौरान अपना-अपना अपराध पूरी तरह स्वीकार कर लिया है. पकड़े गए अपराधियों में कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी उपेंद्र प्रसाद के पुत्र मनीष कुमार, सतीश कुमार, नीतीश कुमार, रविशंकर गुप्ता के पुत्र रोहित गुप्ता और रामाकांत तिवारी के पुत्र रोहितकांत तिवारी शामिल हैं. इन सभी अपराधियों की उम्र 19 से 25 वर्ष के बीच बताई जा रही है. एसडीपीओ ने बताया कि मुफस्सिल थानाध्यक्ष अशोक कुमार और देवजरा थानाध्यक्ष कुशो कुमार आदि की टीम अपहरण के पीछे के मुख्य कारणों का गहराई से अनुसंधान कर रही है.

भवानीपुर मोड़ के पास कोचिंग में पढ़ाता था मुकेश

अपहृत युवक मुकेश कुमार पाल देवजरा थाना क्षेत्र के धमौल गांव का रहने वाला है. पुलिस ने अभी तक अपहरण की मुख्य वजहों को पूरी तरह स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन स्थानीय स्तर पर यह चर्चा तेज है कि नौकरी लगाने के नाम पर लिए गए पैसे और फिर उसके सूद-ब्याज को लेकर मुकेश का किसी रिश्तेदार से विवाद चल रहा था. माना जा रहा है कि उसी विवाद के प्रतिशोध में इस अपहरण की साजिश रची गई थी. पूरी स्थिति पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगी. जानकारी के अनुसार, मुकेश भवानीपुर मोड़ के पास किसी कोचिंग संस्थान में पढ़ाता था और शनिवार को जब वह कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था, उसी दौरान घात लगाए अपराधियों ने उसे अगवा कर लिया था.

Also Read: औरंगाबाद में नक्सली के नाम पर रंगदारी मांगने वाले गिरोह पर शिकंजा, पुलिस ने हथियार किया बरामद

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन