औरंगाबाद के केताकी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में लटका मिला ताला, ग्रामीणों ने समय से पहले बंद होने की बताई शिकायत
निरीक्षण करते पदाधिकारी
Aurangabad News : देव प्रखंड के केताकी स्वास्थ्य केंद्र के समय से पहले बंद होने पर ग्रामीणों ने जताई नाराजगी. अधिकारियों ने जांच कर कार्रवाई का दिया भरोसा.
Aurangabad News : देव प्रखंड के केताकी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में सोमवार को दोपहर करीब दो बजे ताला लटका मिला. अस्पताल बंद रहने की सूचना मिलने पर देव के पूर्व उप प्रमुख मनीष पाठक ने देव अस्पताल प्रभारी और जिला चिकित्सा पदाधिकारी सह सिविल सर्जन को फोन कर मामले की जानकारी दी. सूचना के बाद देव चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अशोक कुमार और अस्पताल प्रबंधक विकास कुमार ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर निरीक्षण किया.
ग्रामीणों ने समय से पहले अस्पताल बंद होने की बताई शिकायत
निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र के नियमित रूप से निर्धारित समय से पहले बंद होने की शिकायत की. ग्रामीण श्रवण चौरसिया, हेमंत निराला, अनिल कुमार साव और भीम सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य केंद्र प्रतिदिन दोपहर करीब एक बजे ही बंद हो जाता है. इससे इलाज कराने आने वाले मरीजों को काफी परेशानी होती है. ग्रामीणों का कहना था कि समय पर स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीजों को इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़ता है.
संबंधित कर्मियों से जवाब-तलब कर होगी कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान डॉ. अशोक कुमार ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मामले में सभी संबंधित स्वास्थ्यकर्मियों से जवाब-तलब किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मामले की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में सुधार किया जाएगा. उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की.
चार पंचायतों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण है स्वास्थ्य केंद्र
पूर्व उप प्रमुख मनीष पाठक ने कहा कि केताकी अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र आसपास की चार पंचायतों के लोगों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है. इसके आसपास बड़ी संख्या में ग्रामीण आबादी निवास करती है. ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र बंद रहने से स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिलना आवश्यक है. स्वास्थ्य केंद्र बंद मिलने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के लिए भी दूर जाना पड़ता है.
चारदीवारी और भवन निर्माण की भी उठी मांग
मनीष पाठक ने स्वास्थ्य केंद्र की चारदीवारी कराने के साथ भवन निर्माण की भी मांग की. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र को नियमित रूप से निर्धारित समय तक खुला रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार के लिए दूर-दराज के अस्पतालों का रुख न करना पड़े. ग्रामीणों ने भी स्वास्थ्य विभाग से स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था में स्थायी सुधार करने और कर्मियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की मांग की है.
Also Read : औरंगाबाद में चार वर्षों से जलजमाव की समस्या से जूझ रहे 300 परिवार, 19 अगस्त को प्रखंड कार्यालय पर धरना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By सुजीत कुमार सिंह
सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए









