औरंगाबाद में मौसम विभाग का 20 और 21 जुलाई को बारिश का रेड अलर्ट, डीएम ने तैयारियों का लिया जायजा

Updated:
विज्ञापन
मौसम विभाग का 20 और 21 जुलाई को बारिश का रेड अलर्ट, तैयारियों का लिया जायजा

बैठक में शामिल डीएम व अन्य

बिहार मौसम केंद्र के रेड अलर्ट के मद्देनजर औरंगाबाद में जिलाधिकारी ने बाढ़, सुखाड़ और शहरी जलजमाव की तैयारियों को लेकर एक अहम समीक्षा बैठक की. सभी विभागों को सतर्क रहने और त्वरित कार्रवाई दल गठित करने के निर्देश दिए गए हैं.

विज्ञापन

औरंगाबाद. समाहरणालय स्थित योजना भवन के सभा कक्ष में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा की अध्यक्षता में संभावित बाढ़, सुखाड़ और शहरी क्षेत्रों में जलजमाव की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में बताया गया कि बिहार मौसम केंद्र ने 20 और 21 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किया है. इसे देखते हुए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और नगर निकायों को पूरी सतर्कता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया.

जलजमाव वाले इलाकों का होगा निरीक्षण, बनेगी क्विक रिस्पांस टीम

जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को जलजमाव वाले क्षेत्रों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रत्येक नगर निकाय में त्वरित कार्रवाई के लिए क्विक रिस्पांस टीम (QRT) का गठन किया जाए. साथ ही 24 घंटे निगरानी के लिए कंट्रोल रूम स्थापित कर हर स्थिति पर नजर रखी जाए.

रेड अलर्ट का होगा व्यापक प्रचार-प्रसार

जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि बिहार मौसम केंद्र द्वारा जारी रेड अलर्ट और संभावित भारी बारिश से संबंधित सभी चेतावनियों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए. इसका उद्देश्य आम लोगों को समय रहते सतर्क करना और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराना है.

संवेदनशील क्षेत्रों की होगी पहचान, नालियों की सफाई के निर्देश

बैठक में सभी प्रखंडों और नगर निकायों को जलजमाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करने का निर्देश दिया गया. जिलाधिकारी ने कहा कि नालियों की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं. सभी प्रखंडों के वरीय प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण कर सत्यापित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने को भी कहा गया.

सत्येंद्र नगर की जलजमाव समस्या पर विशेष फोकस

समीक्षा बैठक के दौरान औरंगाबाद नगर परिषद क्षेत्र के सत्येंद्र नगर में जलजमाव की समस्या पर विशेष चर्चा हुई. जिलाधिकारी ने नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को निर्देश दिया कि इस क्षेत्र में जलनिकासी की स्थायी और प्रभावी व्यवस्था के लिए शीघ्र कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में लोगों को जलभराव की समस्या का सामना न करना पड़े.

पेयजल व्यवस्था बाधित नहीं होगी, टैंकर रहेंगे तैयार

बैठक में पेयजल आपूर्ति की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी परिस्थिति में पेयजल आपूर्ति बाधित नहीं होनी चाहिए. जरूरत पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जाएगी. जिले में फिलहाल 37 जल टैंकर, 264 स्टैंड पोस्ट और 63 वाटर कूलर उपलब्ध हैं, जिनका उपयोग आवश्यकता के अनुसार किया जाएगा.

स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट, दवाओं का पर्याप्त भंडार

संभावित बाढ़ और जलजनित बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में दवाएं और चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रखने का निर्देश दिया गया. समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 3,40,936 ओआरएस पैकेट, 78,000 हैलोजन टैबलेट सहित अन्य आवश्यक दवाएं उपलब्ध हैं. जरूरत पड़ने पर चिकित्सा दलों को तुरंत प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाएगा.

कृषि, पशुपालन और ऊर्जा विभाग को भी दिए गए निर्देश

संभावित सुखाड़ की स्थिति को देखते हुए कृषि विभाग को वैकल्पिक फसल योजना, डीजल अनुदान और कृषि इनपुट से संबंधित तैयारियां अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया. पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया. वहीं जल संसाधन विभाग को तटबंधों और सिंचाई संरचनाओं की निगरानी तथा ऊर्जा विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश दिए गए.

आपदा से निपटने के लिए सभी विभागों में समन्वय पर जोर

जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप कार्य करने और किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त कुमारी अनुपम सिंह, अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित, अनुमंडल पदाधिकारी गौरव सिंह, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी श्वेता प्रियदर्शी सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. प्रखंडों के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए.

बंटी यादव मर्डर केस; मुख्य आरोपी रवीश उर्फ बीसी का एनकाउंटर, पुलिस ने पैर में मारी गोली


विज्ञापन
Sudhir Kumar Singh

लेखक के बारे में

By Sudhir Kumar Singh

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन