औरंगाबाद में घरेलू हिंसा पीड़ित महिलाओं को मिलेगी 15 हजार रुपये तक की सहायता, 27 आवेदिकाओं को बुलाने का निर्देश

बैठक में शामिल डीपीओ व अन्य
औरंगाबाद में जिला स्तरीय समिति की बैठक में घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास पर चर्चा हुई. वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से उन्हें रोजगार या चिकित्सा के लिए 10 से 15 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी.
औरंगाबाद शहर में जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिला प्रोग्राम पदाधिकारी विनीता कुमारी की अध्यक्षता में सामाजिक पुनर्वास प्रबंधन गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में वन स्टॉप सेंटर के माध्यम से घरेलू हिंसा से पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास, सहायता और सशक्तिकरण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.
10 से 15 हजार रुपये तक मिलेगी आर्थिक सहायता
बैठक में वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक ने बताया कि घरेलू हिंसा से पीड़ित ऐसी महिलाएं, जिनके मामले केंद्र में विधिवत दर्ज हैं और जो निर्धारित मानदंडों को पूरा करती हैं, उन्हें रोजगार शुरू करने या चिकित्सा सहायता के लिए 10 हजार से 15 हजार रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है. इसका उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके पुनर्वास को मजबूत करना है.
27 आवेदिकाओं को बुलाने का दिया निर्देश
जिला प्रोग्राम पदाधिकारी विनीता कुमारी ने निर्देश दिया कि प्राप्त सभी 27 आवेदिकाओं को अगली बैठक की निर्धारित तिथि पर वन स्टॉप सेंटर में उपस्थित कराया जाए. उन्होंने कहा कि सभी महिलाएं अपने साथ आधार कार्ड सहित आवश्यक दस्तावेज लेकर आएं, ताकि उनके आवेदनों की जांच कर समयबद्ध कार्रवाई की जा सके.
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया गया जोर
बैठक में पीड़ित महिलाओं के पुनर्वास से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया. बैठक में जिला अभियोजन पदाधिकारी अमला सिंह, जिला परियोजना प्रबंधक विनय प्रताप सिंह, केंद्र प्रशासक कांति कुमारी, पथ प्रदर्शक एनजीओ की प्रतिनिधि किरण कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










