जर्जर दोमुहान पुल पर पुलिस की मौजूदगी में धड़ल्ले से दौड़ रहे भारी वाहन, घंटों लग रहा जाम

जर्जर पुलिस से आते-जाते भारी वाहन.
Aurangabad News : जर्जर दोमुहान पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर जिला प्रशासन द्वारा रोक लगायी गयी है. इसके निगरानी के लिए पुलिस बल की तैानती भी की गयी है. इसके बावजूद भी परिचालन हो रहा है.
Aurangabad News : औरंगाबाद-डाल्टेनगंज मुख्य मार्ग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-139) के क्षतिग्रस्त दोमुहान पुल पर भारी वाहनों के परिचालन पर जिला प्रशासन की रोक अब बेअसर साबित हो रही है. जिला पदाधिकारी के स्पष्ट आदेश के बावजूद पुल से ट्रक, हाइवा, ट्रैक्टर और अन्य भारी वाहनों का धड़ल्ले से आवागमन जारी है. शुक्रवार को भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पुल पर लंबा जाम लग गया, जिससे घंटों तक यातायात प्रभावित रहा.
हैरानी की बात यह रही कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मी भारी वाहनों को रोकने के बजाय उन्हें व्यवस्थित तरीके से पुल पार कराते नजर आए. इससे प्रशासनिक आदेशों के पालन और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार
शुक्रवार सुबह से ही दोमुहान पुल के दोनों ओर भारी वाहनों की लंबी कतार लग गई. देखते ही देखते एनएच-139 पर कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बन गई. इस दौरान सैकड़ों छोटे वाहन, यात्री बसें, एंबुलेंस, ऑटो और दोपहिया वाहन घंटों जाम में फंसे रहे. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बच्चों और मरीजों को उठानी पड़ी.
निगरानी के लिए पुलिस की तैनाती, फिर भी आवाजाही
दोमुहान पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद जिला प्रशासन ने संभावित दुर्घटना को देखते हुए भारी वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध लगाया था. पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग की गई थी और निगरानी के लिए दंडाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी. बावजूद इसके पिछले कई दिनों से भारी वाहनों का परिचालन लगातार जारी है. पहले रात के समय चोरी-छिपे वाहन गुजरने की शिकायतें मिलती थीं, लेकिन अब दिनदहाड़े प्रशासनिक आदेशों की अनदेखी की जा रही है.
डायवर्सन निर्माण की धीमी रफ्तार से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोमुहान पुल के क्षतिग्रस्त होने के लगभग 20 दिन बाद डायवर्सन निर्माण कार्य शुरू हुआ, लेकिन इसकी रफ्तार बेहद धीमी है. लोगों का आरोप है कि राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान सड़क निर्माण तेजी से पूरा कर लिया जाता है, जबकि हजारों लोगों की आवाजाही वाले इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर काम में अनावश्यक देरी हो रही है. मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ ही पुल की सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंता भी बढ़ती जा रही है.
इसे भी पढ़ें. अंबा-नवीनगर मुख्य मार्ग पर बने गहरे गड्ढे, यात्रियों से भरा ऑटो पलटा, बड़ा हादसा टला
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










