ePaper

ओबरा में अपराधियों ने दिनदहाड़े दूध व्यवसायी को गोली मारकर किया जख्मी, पटना रेफर

Updated at : 19 Aug 2025 5:21 PM (IST)
विज्ञापन
ओबरा में अपराधियों ने दिनदहाड़े दूध व्यवसायी को गोली मारकर किया जख्मी, पटना रेफर

बाइक पर सवार दो अपराधियों ने पीछा कर दिया घटना काे अंजाम, ओबरा से दूध बेचकर लौट रहा था अपने गांव गोड़तारा

विज्ञापन

बाइक पर सवार दो अपराधियों ने पीछा कर दिया घटना काे अंजाम

ओबरा से दूध बेचकर लौट रहा था अपने गांव गोड़तारा

ओबरा. औरंगाबाद-पटना मुख्य पथ एनएच 139 पर ओबरा थाना क्षेत्र के सदीपुर डिहरी गांव के समीप बेखौफ अपराधियों ने बाइक सवार दूध व्यवसायी को गोली मारकर जख्मी कर दिया. घटना मंगलवार की सुबह साढ़े 10 बजे के करीब की है. जख्मी व्यवसायी की पहचान ओबरा थाना क्षेत्र के ही गोड़तारा गांव निवासी मिथिलेश सिंह के 36 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार उर्फ बंटी सिंह के रूप में हुई है. घटना का अंजाम देने के बाद बाइक सवार अपराधी दाउदनगर की ओर फरार हो गये. बड़ी बात यह है कि पीछे से मारी गयी गोली व्यवसायी के पीठ से होकर निकल गयी. जानकारी के अनुसार प्रिंस उर्फ बंटी हमेशा की तरह घर से दूध बेचने निकला था. ओबरा में दूध बेचकर वह बाइक से अपने गांव गोड़तारा लौट रहा था. इस क्रम में बाइक सवार दो नकाबपोश अपराधी लगातार उसका पीछा कर रहे थे. जैसे ही सदीपुर डिहरी गांव के समीप वह पहुंचा, वैसे ही एक अपराधी ने पीछे से उसे गोली मार दी. पीठ में गोली लगते ही प्रिंस सड़क पर गिर गया. पता चला कि अपराधियों ने उसे दूसरी गोली भी मारी, जो दाहिने साइड की पंजीरी में लगी. इसके बाद अपराधी दाउदनगर की ओर भाग निकले. इधर, गोली की आवाज सुनते ही आसपास के लोग वहां पहुंचे और आनन-फानन में घायल प्रिंस को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओबरा पहुंचाया. इस क्रम में परिजनों को भी जानकारी दी गयी. बदहवास परिजन अस्पताल पहुंचे. प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. सदर अस्पताल में इलाज व एक्स-रे के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया.

घटनास्थल पर एसडीपीओ ने की जांच

इधर, दूध व्यवसायी को गोली मारे जाने की सूचना आग की तरह फैल गयी. ओबरा थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गयी. कुछ ही क्षण में दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार सिंह, ओबरा थानाध्यक्ष नीतीश कुमार, अवर निरीक्षक दीपक कुमार, अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और जांच की. पता चला कि पुलिस ने खोखा का अगला भाग बरामद किया है. वैसे घटनास्थल के समीप लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने की बात बतायी गयी. यह भी जानकारी मिली है कि थानाध्यक्ष ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायल व्यक्ति का बयान दर्ज किया है. गोली मारने वाले एक व्यक्ति की पहचान करने का दावा किया गया है .घायल ने बताया है कि गंगा बिगहा गांव निवासी मूंजी सिंह ने उसपर गोली चलायी. वैसे पुलिस की टीम गंगा बिगहा गांव पहुंची और छापेमारी की.

घटना के पीछे अलग-अलग चर्चा

दूध व्यवसायी प्रिंस कुमार उर्फ बंटी सिंह पर हुए जानलेवा हमले में कारणों की अलग-अलग चर्चा है. कोई बकाये पैसे का विवाद बता रहा है, तो कोई क्रिकेट के खेल में हुए विवाद को बता रहा है. ज्यादा चर्चा बकाये पैसे को लेकर हो रही है. जानकारी मिली कि पहले भी विवाद हुआ था. हालांकि, पुलिस के पदाधिकारी कारण बताने से इंकार कर रहे है. दाउदनगर एसडीपीओ अशोक कुमार दास ने बताया कि अपराधी जो भी हो उन्हें बक्सा नहीं जायेगा. जल्द ही इस मामले में खुलासा होगा. जिस व्यक्ति को गोली लगी है उसके परिजन घर पर नहीं है बल्कि पटना में इलाज कराने गये है. उनके द्वारा जैसे ही लिखित रूप में आवेदन दिया जायेगा, कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

विज्ञापन
SUJIT KUMAR

लेखक के बारे में

By SUJIT KUMAR

SUJIT KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन