औरंगाबाद में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में छह मवेशियों की मौत, किसान को लाखों का नुकसान
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीण
Aurangabad News : बिहार के दाउदनगर में शॉर्ट सर्किट से मवेशी शेड में भीषण आग लग गई, जिसमें छह पशुओं की मौत हो गई और लाखों का नुकसान हुआ. पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की है.
Aurangabad News : प्रखंड के संसा पंचायत अंतर्गत नंदलाल बिगहा गांव में गुरुवार की सुबह करीब पांच बजे शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग में किसान रामबली चौधरी के छह मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई. हादसे में दो भैंस, एक गाय, एक बछड़ा और दो बकरियां जल गईं. आग की चपेट में आने से मवेशी शेड भी पूरी तरह जलकर राख हो गया. इस घटना में किसान को लाखों रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जिससे परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है.
शॉर्ट सर्किट के बाद देखते ही देखते विकराल हुई आग
जानकारी के अनुसार, रामबली चौधरी के घर के समीप बने मवेशी शेड में गुरुवार की सुबह अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे शेड को अपनी चपेट में ले लिया. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि शेड में बंधे मवेशियों को बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका. कुछ ही देर में सभी छह मवेशियों की झुलसकर मौत हो गई.
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
आग की लपटें उठती देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और अपने स्तर से आग बुझाने में जुट गए. काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक मवेशी शेड पूरी तरह जल चुका था. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और शोक का माहौल कायम हो गया.
पशुपालन ही परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन
पीड़ित किसान रामबली चौधरी ने बताया कि पशुपालन ही उनके परिवार की आजीविका का प्रमुख साधन है. एक साथ छह मवेशियों की मौत से उन्हें भारी आर्थिक क्षति हुई है. उन्होंने घटना की सूचना स्थानीय थाना और बिजली विभाग को दे दी है. साथ ही प्रशासन से नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है.
बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आग लगने के बाद बिजली विभाग को तत्काल सूचना देने के लिए कई बार फोन किया गया, लेकिन किसी ने फोन रिसीव नहीं किया. ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती, तो आग पर जल्द नियंत्रण पाने में मदद मिल सकती थी. उन्होंने बिजली विभाग की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है.
Also Read : औरंगाबाद के सरकारी स्कूल में स्मार्ट क्लास का कमाल, टीवी और वीडियो से आसान हुई पढ़ाई
विद्युत व्यवस्था दुरुस्त करने की उठी मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और गांव की विद्युत व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है. उनका कहना है कि गांव में जर्जर विद्युत तारों की मरम्मत कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है. पुलिस पूरे मामले की जानकारी जुटा रही है और विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है.
Also Read : औरंगाबाद: बीएसएफ जवान का पार्थिव शरीर पहुंचा घर, अंतिम दर्शन के लिए उमड़े लोग
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










