Bihar Crime: प्रियांशु हत्याकांड में SIT की बड़ी सफलता, प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, मोबाइल से मिले सबूत

Published by : Paritosh Shahi Updated At : 28 Jul 2025 4:34 PM

विज्ञापन

प्रेस वार्ता में शामिल एसपी अंबरीश राहुल,पास में खड़ा गिरफ्तार आरोपित फूफा जीवन सिंह

Bihar Crime: नवीनगर के प्रियांशु हत्याकांड का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है. मुख्य साजिशकर्ता मृतक की पत्नी गूंजा सिंह का फूफा जीवन प्रसाद निकला जो पिछले 15 वर्षों से गूंजा से प्रेम करता था. प्रियांशु बाधा बना तो जीवन ने झारखंड से शूटर हायर कर उसकी हत्या करा दी.

विज्ञापन

Bihar Crime: नवीनगर के प्रियांशु हत्याकांड का पुलिस ने पूरी तरह उजागर कर दिया है.हत्या की साजिश रचने वाले मुख्य अभियुक्त व मृतक की पत्नी गूंजा के फूफा जीवन प्रसाद सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर पुलिस ने पूछताछ की. कई चौकाने वाले खुलासे हुए.

यूं कहे कि 65 साल के जीवन का भतीजी गूंजा के साथ 15 वर्षों से चल रहे प्रेम प्रसंग का पटाक्षेप हो गया. कैसे भतीजी के प्रेम में पागल सगे फूफा ने खौफनाक साजिश रची और शूटरों को हायर कर भतीजी के पति प्रियांशु सिंह की हत्या करायी,तमाम साजिश का खुलासा हो गया.

सोमवार को पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने जीवन की गिरफ्तारी और पूछताछ के दौरान उसके द्वारा किये गये खुलासे को मीडिया से साझा की.

पहले रांची, फिर दिल्ली, फिर राजस्थान को जीवन ने बनाया ठिकाना

बड़वान गांव के प्रियांशु सिंह की हत्या की साजिश रचने वाले जीवन कुमार गिरफ्तारी के भय से लगातार ठिकाने बदल रहा था. प्रियांशु की हत्या में उसकी पत्नी गूंजा सिंह सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी के बाद जीवन बेचैन हो गया था.

एसपी अंबरीश राहुल ने बताया कि गिरफ्तारी के भय से जीवन रांची फरार हो गया.जब रांची में पुलिस की दबिश बढ़ी तो वह दिल्ली चला गया और फिर राजस्थान को ठिकाना बना लिया. लगभग एक सप्ताह तक वहां रहा. फर्जी आइडी पर ठिकाने बदल रहा था.

औरंगाबाद पुलिस ने राजस्थान पुलिस के सहयोग से उसे मानटाउन थाना अंतर्गत सवाई माधोपुर से गिरफ्तार कर लिया. ट्रांजिट रिमांड पर उसे लेकर पूछताछ की गयी तो कई खुलासे हुए. जीवन प्रसाद सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया.

पूछताछ के दौरान उसने बताया कि पिछले 15 वर्षों से अपनी भतीजी गूंजा सिंह के साथ उसका प्रेम संबंध चल रहा था. गूंजा सिंह का विवाह प्रियांशु के साथ होने पर दोनों ही खुश नहीं थे. विवाह के उपरांत गूंजा से घंटों फोन पर बात होती थी,जिसका विरोध उसका पति करता था.

एसपी ने बताया कि फूफा से बात करने वाले मोबाइल को उसके पति ने जब्त कर लिया. इसके बाद जीवन ने दूसरा मोबाइल खरीदकर दिया,लेकिन जब बातचीत और मिलने-जुलने पर पाबंदी लग गयी तो जीवन और गूंजा ने प्रियांशु को रास्ते से हटाने की साजिश रची.

10 लाख रुपये में झारखंड से हायर किया चार शूटर, हो गयी पहचान

एसपी ने बताया कि प्रियांशु की हत्या कराने के लिए जीवन ने झारखंड के डालटेनगंज के आसपास के इलाके से चार शूटरों को 10 लाख रुपये में हायर किया. दो लाख रुपये एडवांस दिये गये.24 जून को जब प्रियांशु अपने घर लौट रहा था तो दो बाइक पर सवार चारों शूटर लेंबोखाप मोड़ पर पहुंचे और प्रियांशु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी.

एसपी ने बताया कि चारों शूटरों की पहचान कर ली गयी है. जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जायेगा. एसपी ने बताया कि गिरफ्तार मुख्य अभियुक्त जीवन प्रसाद सिंह झारखंड राज्य के पलामू जिले के हमीदगंज का रहने वाला है. उसके खिलाफ झारखंड के मेदनीनगर शहर थाना में कांड संख्या 462/24 दर्ज है. उसके पास से दो मोबाइल फोन भी पुलिस ने बरामद किया है.

दो बार गूंजा की कटवा चुका था शादी

प्रियांशु सिंह की हत्या के मुख्य अभियुक्त उसकी पत्नी के फूफा जीवन प्रसाद सिंह गूंजा की शादी से नाखुश था. एसपी ने बताया कि पूछताछ के दौरान जीवन ने बताया कि उसे बिना बताये गूंजा की शादी हुई थी. इससे वह खुश नहीं था. पूर्व में दो बार गूंजा की शादी को वह कटवा चुका था.

शादी होने के बाद गूंजा से तय किया था कि वह लगातार उससे मिलती रहेगी और बातचीत भी करती रहेगी. जब प्रेम में प्रियांशु रोड़ा बना तो उसकी हत्या की साजिश रची. एसपी ने बताया कि फिलहाल जीवन को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. जरूरत पड़ने पर पुन: रिमांड पर लिया जायेगा.

इसी वर्ष 24 जून को नवीनगर के लेंबोखाप के समीप प्रियांशु सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. इस मामले में एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था.

मृतक के भाई के बयान पर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी में लगी थी. मृतक की पत्नी गूंजा सिंह सहित तीन लोगों की गिरफ्तारी हुई. इसके बाद मुख्य अभियुक्त जीवन प्रसाद सिंह भी राजस्थान से पकड़ा गया. अब हत्या का अंजाम देने वाले चार शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है. प्रेस वार्ता में सदर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय भी मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें: बिहार के दक्षिणी जिलों में ऑरेंज और उत्तरी जिलों में येलो अलर्ट, IMD ने जारी की भारी बारिश की चेतावनी

विज्ञापन
Paritosh Shahi

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही पिछले 4 वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता में सक्रिय हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल की बिहार टीम का हिस्सा हैं. राजनीति, सिनेमा और खेल, विशेषकर क्रिकेट में उनकी गहरी रुचि है. जटिल खबरों को सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाना और बदलते न्यूज माहौल में तेजी से काम करना उनकी विशेषता है. परितोष शाही ने पत्रकारिता की पढ़ाई बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (BHU) से की. पढ़ाई के दौरान ही पत्रकारिता की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. खबरों को देखने, समझने और लोगों तक सही तरीके से पहुंचाने की सोच ने शुरुआत से ही इस क्षेत्र की ओर आकर्षित किया. पत्रकारिता में करियर की पहली बड़ी शुरुआत बिहार विधानसभा चुनाव 2020 के दौरान हुई, जब उन्होंने जन की बात के साथ इंटर्नशिप की. इस दौरान बिहार के 26 जिलों में जाकर सर्वे किया. यह अनुभव काफी खास रहा, क्योंकि यहां जमीनी स्तर पर राजनीति, जनता के मुद्दों और चुनावी माहौल को बहुत करीब से समझा. इसी अनुभव ने राजनीतिक समझ को और मजबूत बनाया. इसके बाद राजस्थान पत्रिका में 3 महीने की इंटर्नशिप की. यहां खबर लिखने की असली दुनिया को करीब से जाना. महज एक महीने के अंदर ही रियल टाइम न्यूज लिखने लगे. इस दौरान सीखा कि तेजी के साथ-साथ खबर की सटीकता कितनी जरूरी होती है. राजस्थान पत्रिका ने उनके अंदर एक मजबूत डिजिटल पत्रकार की नींव रखी. पत्रकारिता के सफर में आगे बढ़ते हुए पटना के जनता जंक्शन न्यूज पोर्टल में वीडियो प्रोड्यूसर के रूप में भी काम किया. यहां कैमरे के सामने बोलना, प्रेजेंटेशन देना और वीडियो कंटेंट की बारीकियां सीखीं. करीब 6 महीने के इस अनुभव ने कैमरा फ्रेंडली बनाया और ऑन-स्क्रीन प्रेजेंस को मजबूत किया. 1 अप्रैल 2023 को राजस्थान पत्रिका को प्रोफेशनल तौर पर ज्वाइन किया. यहां 17 महीने में कई बड़े चुनावी कवरेज में अहम भूमिका निभाई. लोकसभा चुनाव 2024 में नेशनल टीम के साथ जिम्मेदारी संभालने का मौका मिला. इसके अलावा मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के दौरान भी स्टेट टीम के साथ मिलकर काम किया. इस दौरान चुनावी रणनीति, राजनीतिक घटनाक्रम और बड़े मुद्दों पर काम करने का व्यापक अनुभव मिला. फिलहाल परितोष शाही प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम के साथ जुड़े हुए हैं. यहां बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान कई बड़ी खबरों को रियल टाइम में ब्रेक किया, ग्राउंड से जुड़े मुद्दों पर खबरें लिखीं और वीडियो भी बनाए. बिहार चुनाव के दौरान कई जिलों में गांव- गांव घूम कर लोगों की समस्या को जाना-समझा और उनके मुद्दे को जन प्रतिनिधियों तक पहुंचाया. उनकी कोशिश हमेशा यही रहती है कि पाठकों और दर्शकों तक सबसे पहले, सही और असरदार खबर पहुंचे. पत्रकारिता में लक्ष्य लगातार सीखते रहना, खुद को बेहतर बनाना और भरोसेमंद पत्रकार के रूप में अपनी पहचान मजबूत करना है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन