औरंगाबाद में तेज रफ्तार दूल्हे की कार ने बाइक सवार 2 युवकों को रौंदा, मौत के बाद NH-139 जाम
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर जुटी भीड़ और मृतक की फाइल तस्वीर
Aurangabad Road Accident : औरंगाबाद जिले के कुटुंबा थाना क्षेत्र में एनएच-139 पर एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो बाइक सवार युवकों की मौत हो गई. आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया.
औरंगाबाद से अम्बुज पांडेय की रिपोर्ट
Aurangabad Road Accident : कुटुंबा थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-139 पर धनीबार गांव के पास रविवार की देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई. इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. वहीं, हादसे से गुस्साए परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्य सड़क (NH-139) को जाम कर दिया, जिससे गाड़ियों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया.

अंबा जाने के दौरान हुआ हादसा
मृतकों की पहचान धनीबार गांव के रहने वाले संदीप ठाकुर (पिता सिकंदर ठाकुर) और राजा कुमार (पिता रामस्वरूप पासवान) के रूप में हुई है. मिली जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक अपनी बाइक पर सवार होकर अंबा की तरफ जा रहे थे. इसी दौरान सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.

स्थानीय लोगों ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार किसी शादी समारोह में दूल्हे की गाड़ी के रूप में इस्तेमाल की जा रही थी. दुर्घटना के बाद कार चालक गाड़ी समेत मौके से फरार हो गया.
Aurangabad News : हॉस्पिटल ले जाने के दौरान तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोग और रोते-बिलखते परिजन मौके पर पहुंचे. उन्होंने दोनों घायलों को इलाज के लिए तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि थोड़ी ही देर में दोनों युवकों ने दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल औरंगाबाद भेज दिया है.

एनएच-139 पर लगी वाहनों की लंबी कतार, लोगों को समझाने में जुटा प्रशासन
इस हादसे से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने एनएच-139 को पूरी तरह जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण हाईवे के दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और मुसाफिरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. खबर लिखे जाने तक सड़क पर जाम लगा हुआ था और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने और जाम खुलवाने के प्रयास में जुटे थे.
Also Read: औरंगाबाद के जयशंकर कुमार सेल्फ स्टडी के दम पर बने राजस्व अधिकारी, चौथे प्रयास में मिली सफलता
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By सूर्यकांत कुमार
सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










