उत्तर कोयल नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग, किसान संघर्ष मोर्चा ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार
बैठक की तस्वीर
Aurangabad News : किसान संघर्ष मोर्चा ने उत्तर कोयल नहर परियोजना के अधूरे कार्यों को पूरा करने और अंतिम छोर तक सिंचाई का पानी पहुंचाने की मांग सरकार से की है.
Aurangabad News : उत्तर कोयल नहर परियोजना को मगध क्षेत्र के औरंगाबाद और गया जिले के करीब 12 प्रखंडों के किसानों के लिए जीवनरेखा बताते हुए उत्तर कोयल नहर किसान संघर्ष मोर्चा, मगध ने नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने की मांग की है. मोर्चा ने नहर परियोजना के अधूरे रहने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की उदासीनता को जिम्मेदार ठहराया है. मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि नहर में पर्याप्त पानी पहुंचने से मगध क्षेत्र के हजारों किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी.
तीन वर्षों से किसानों के हित में जारी है आंदोलन
मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि पिछले तीन वर्षों से उत्तर कोयल नहर किसान संघर्ष मोर्चा, मगध लगातार किसानों के हित में आंदोलन कर रहा है. संघर्ष के परिणामस्वरूप वर्तमान में नहर के जीर्णोद्धार का कार्य तेजी से चल रहा है. मोर्चा के अनुसार, वर्ष 2023 से नहर का पानी जीटी रोड के पार चेई नवादा, कोटवारा और अंगरा कैनाल सहित मुख्य शाखा तक पहुंचा है.
211 आरडी पर दीवार के कारण पानी आगे नहीं पहुंचने का दावा
मोर्चा के अनुसार, मदनपुर से आगे 211 आरडी, बारियावां के पास नहर में बनी कथित अवैध दीवार के कारण पानी आगे नहीं पहुंच पा रहा है. मोर्चा ने नहर विभाग के संबंधित अधिकारियों के साथ केंद्र और राज्य सरकार से 211 आरडी पर बनी दीवार को हटाने की मांग की है. मोर्चा का कहना है कि दीवार हटने के बाद नहर में पानी का प्रवाह आगे तक सुचारु हो सकेगा.
दो स्थानों पर रेल पुल निर्माण की मांग
मोर्चा ने अंगरा कैनाल में इस्माइलपुर रेलवे स्टेशन के पूर्व नहर पर रेल पुल तथा कोटवारा कैनाल में देवहोल्ट के पश्चिम नहर पर रेल पुल का निर्माण कराने की मांग की है. पदाधिकारियों का कहना है कि इन स्थानों पर आवश्यक संरचना का निर्माण होने से सभी कैनालों के अंतिम छोर तक पर्याप्त पानी पहुंचाने में मदद मिलेगी.
कई प्रखंडों के किसानों को मिलेगा लाभ
मोर्चा के सदस्यों ने कहा कि नहर में पर्याप्त पानी पहुंचने से मदनपुर, रफीगंज, गुरुआ, गुरारू, परैया, गोह, टिकारी, कोंच और आमस सहित मगध क्षेत्र के बड़ी संख्या में किसानों को सिंचाई की सुविधा मिल सकेगी. इससे कृषि कार्य को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को सिंचाई के लिए होने वाली परेशानियों से भी राहत मिलेगी. मोर्चा ने सरकार और संबंधित विभाग से नहर परियोजना से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की.
मोर्चा के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
मौके पर मुख्य संरक्षक जयनंदन शर्मा, अध्यक्ष नंदलाल सिंह, उप सचिव अशोक यादव, सदस्य डॉ. रामानंद यादव, उप सचिव देव लाल सिंह, कोषाध्यक्ष उपेंद्र कुमार यादव, उपाध्यक्ष धनेश यादव, सदस्य किशोरी मोहन सिंह, राम पुकार यादव, ब्रह्मदेव यादव, गोपाल कुमार, बृजेश कुमार, सुजीत कुमार, डॉ. टीपी सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










