एनएच-19 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग की कार्रवाई, 46 वाहनों से वसूला 71 हजार रुपये शमन
एनएच पर खड़ा ट्रक
Aurangabad News : औरंगाबाद में एनएच-19 पर अवैध पार्किंग के खिलाफ परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाया. 46 वाहनों पर कार्रवाई करते हुए 71 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया.
Aurangabad News : सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग ने एनएच-19 पर अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया. जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में शनिवार को जोगिया से बारुण के बीच अभियान चलाया गया. इस दौरान सड़क किनारे और प्रतिबंधित स्थलों पर खड़े वाहनों की सघन जांच की गई. अभियान में अवैध रूप से पार्क किए गए 46 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 71 हजार रुपये का शमन अधिरोपित किया गया.
जोगिया से बारुण तक चला जांच अभियान
परिवहन विभाग की टीम ने एनएच-19 के विभिन्न हिस्सों में जांच अभियान चलाया. इस दौरान सड़क किनारे अथवा अन्य अनधिकृत स्थानों पर पार्क किए गए वाहनों को चिन्हित किया गया. जांच के क्रम में यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई. विभाग की कार्रवाई से अवैध पार्किंग करने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही.
अवैध पार्किंग से दुर्घटना का बढ़ता है खतरा
जिला परिवहन पदाधिकारी सुनंदा कुमारी ने वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग, विशेषकर एनएच-19 पर अनधिकृत तरीके से वाहन खड़ा करना सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है. इससे वाहनों के सामान्य आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है. साथ ही सड़क पर दुर्घटना की आशंका भी बढ़ जाती है.
निर्धारित पार्किंग स्थल का करें इस्तेमाल
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सड़क पर वाहन खड़ा करने की स्थिति में यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि इससे अन्य वाहनों के आवागमन और राहगीरों की सुरक्षा प्रभावित न हो. सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक वाहन चालक की जिम्मेदारी है.
आगे भी जारी रहेगा अभियान
परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि एनएच-19 समेत जिले के अन्य प्रमुख मार्गों पर अवैध पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. जिला प्रशासन और परिवहन विभाग ने आम लोगों से सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है. वाहन चालकों से अपने वाहनों को निर्धारित एवं सुरक्षित स्थानों पर ही पार्क करने तथा यातायात नियमों का पालन करने को कहा गया है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










