एनएच-19 पर दौड़ता ट्रक बना आग का गोला, औरंगाबाद में धू-धू कर जला, ड्राइवर-खलासी ने कूदकर बचाई जान

एनएच-19 पर धू-धूकर जला ट्रक
Bihar News: बिहार के औरंगाबाद में एनएच-19 पर एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई. कुछ ही मिनटों में ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो गया. हालांकि ड्राइवर और खलासी ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली.
Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले में एनएच-19 पर एक तेज रफ्तार ट्रक में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक धू-धू कर जलने लगा. घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के रानीगंज के समीप की है. हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
ड्राइवर और खलासी ने कूदकर बचाई जान
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रक औरंगाबाद की ओर से आ रहा था. इसी दौरान रानीगंज के पास अचानक उसमें आग लग गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि कुछ ही मिनटों में पूरा वाहन उसकी चपेट में आ गया. स्थिति भांपते हुए ड्राइवर और खलासी ने तुरंत ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली. दोनों सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
मौके पर जुटी भीड़, पुलिस और फायर ब्रिगेड पहुंची
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए. हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ. सूचना मिलते ही मदनपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. अग्निशमन दल को भी बुलाया गया. कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. हालांकि जब तक आग बुझाई जाती, तब तक ट्रक पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था. वाहन का ढांचा ही मौके पर बचा रहा.
सरसों तेल की खेप थी लदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक में सरसों तेल की खेप लदी हुई थी. इसे पार्सल के लिए दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था. बताया जा रहा है कि ट्रक औरंगाबाद के एक होटल व्यवसायी का था. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है. आशंका है कि शॉर्ट सर्किट या इंजन में तकनीकी खराबी से आग लगी हो सकती है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है. नुकसान का आकलन किया जा रहा है. गनीमत यह रही कि इस भीषण हादसे में किसी की जान नहीं गई है. चालक और सह चालक की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया.
Also Read: पटना में फंदे से लटका मिला लॉ छात्र का शव, सुसाइड नोट में लड़की का जिक्र
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Abhinandan Pandey
भोपाल से शुरू हुई पत्रकारिता की यात्रा ने बंसल न्यूज (MP/CG) और दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अनुभव लेते हुए अब प्रभात खबर डिजिटल तक का मुकाम तय किया है. वर्तमान में पटना में कार्यरत हूं और बिहार की सामाजिक-राजनीतिक नब्ज को करीब से समझने का प्रयास कर रहा हूं. गौतम बुद्ध, चाणक्य और आर्यभट की धरती से होने का गर्व है. देश-विदेश की घटनाओं, बिहार की राजनीति, और किस्से-कहानियों में विशेष रुचि रखता हूं. डिजिटल मीडिया के नए ट्रेंड्स, टूल्स और नैरेटिव स्टाइल्स के साथ प्रयोग करना पसंद है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




