औरंगाबाद : दाउदनगर में चोरी के बाद घर में लगाई आग, जेवरात, कॉपर तार और जमीन के दस्तावेज जलकर राख

Updated:
विज्ञापन

आग लगने के बाद घर में बिखरा सामान

WhatsApp चैनल से जुड़ेंगूगल पर प्रभात खबर चुनें

दाउदनगर में चोरी की घटना के बाद चोरों ने एक घर में आग लगा दी. इस आगजनी में कीमती जेवरात, कॉपर तार और जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर राख हो गए. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विज्ञापन

औरंगाबाद जिले के दाउदनगर शहर के पुराना शहर वार्ड संख्या-2 स्थित बालूगंज मोहल्ले में अज्ञात चोरों ने बंद पड़े एक मकान में चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद घर में आग लगा दी. इस घटना में जेवरात, कॉपर तार और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया, जबकि आग लगने से जमीन के महत्वपूर्ण दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और घर का अन्य सामान जलकर राख हो गया.

विज्ञापन

मुख्य गेट के नीचे से घर में घुसे चोर

जानकारी के अनुसार, यह वारदात बुधवार रात करीब 11 बजे गणेश चौधरी के बंद पड़े मकान में हुई. बताया जाता है कि चोर मुख्य गेट के नीचे लगी ईंट हटाकर घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे जेवरात, 10 बंडल कॉपर तार और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया. आशंका है कि चोरी के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से चोरों ने घर में आग लगा दी.

पड़ोसियों की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

घर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया. सूचना मिलते ही पड़ोसी मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास के अन्य मकानों को नुकसान नहीं पहुंचा और बड़ा हादसा टल गया.

दस्तावेज और शैक्षणिक प्रमाणपत्र भी जलकर हुए नष्ट

परिजनों ने बताया कि परिवार के सदस्य दूसरे मकान में रह रहे थे, जबकि इस मकान में उनका पुत्र राज चौधरी रहता था. आईटीआई की परीक्षा देने के बाद वह अपनी बहन के घर हसपुरा चला गया था, जिससे मकान बंद था. इसी का फायदा उठाकर चोरों ने घटना को अंजाम दिया. राज चौधरी ने बताया कि उनकी मां के जेवरात, 10 बंडल कॉपर तार और अन्य सामान चोरी हो गए, जबकि आग लगने से जमीन के मूल दस्तावेज, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और कई जरूरी कागजात पूरी तरह जल गए.

पुलिस जांच में जुटी, आवेदन मिलने पर दर्ज होगी प्राथमिकी

घटना की सूचना रात में ही डायल-112 पुलिस को दी गई. पुलिस मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच में जुट गई. दाउदनगर थानाध्यक्ष विकास कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. लिखित आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है.


आपके शहर में

विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन