औरंगाबाद में 30 फीट गहरे कुएं से मिला युवक का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

Updated:
विज्ञापन

मृतक की फाइल तस्वीर

Aurangabad News: औरंगाबाद के रफीगंज प्रखंड के चरकावा निचली डीह में सोमवार को एक बगीचे के 30 फीट गहरे कुएं से तीन दिनों से लापता युवक मनोज कुमार उर्फ बंटी का शव बरामद किया गया. घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

विज्ञापन

रफीगंज से सत्येंद्र पाठक की रिपोर्ट
Aurangabad News:
औरंगाबाद जिले के रफीगंज प्रखंड अंतर्गत चरकावा निचली डीह से एक दुखद खबर सामने आई है. यहाँ स्थित रेलवे गुमटी संख्या 18-सी के समीप एक बगीचे में बने लगभग 30 फीट गहरे कुएं से सोमवार को एक युवक का शव बरामद किया गया. कुएं में लाश मिलने की खबर फैलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.

मृतक की पहचान अब्दुलपुर निवासी एवं वर्तमान में लोहार गली देवी स्थान निवासी अशोक कुमार के 30 वर्षीय पुत्र मनोज कुमार उर्फ बंटी के रूप में की गई है. जानकारी के अनुसार, मनोज पिछले तीन दिनों से अचानक लापता था और परिजन उसकी तलाश कर रहे थे.

सरपंच की सूचना पर पहुंची पुलिस, ग्रामीणों की मदद से निकाला शव

घटना के संबंध में बताया जाता है कि स्थानीय सरपंच दयानंद प्रसाद दांगी को बगीचे के कुएं में शव होने की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना रफीगंज थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार, एसआई उमेश कुमार एवं सुधांशु चंदन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से काफी मशक्कत के बाद शव को 30 फीट गहरे कुएं से बाहर निकाला. इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद भेज दिया गया.

मजदूरी कर चलाता था परिवार, बड़े भाई ने जताई कुएं में गिरने की आशंका

परिजनों ने रोते हुए बताया कि मनोज कुमार मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके परिवार में उसकी पत्नी के अलावा तीन छोटे बच्चे हैं, जिनमें दो बेटियां और एक बेटा शामिल हैं. घर के एकमात्र कमाने वाले सदस्य की इस तरह अचानक हुई मौत से पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

मृतक के बड़े भाई संतोष विश्वकर्मा ने बताया कि मनोज काम खत्म करके घर लौट रहा था. उन्हें आशंका है कि रात के अंधेरे या असावधानी के कारण पैर फिसलने से वह कुएं में गिर गया होगा. हालांकि, पीड़ित परिजन और स्थानीय लोग प्रशासन से घटना के हर संभावित पहलू की गहराई से जांच करने की मांग कर रहे हैं.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ़ होगी वजह, परिजनों को मिलेगी सहायता राशि

मामले को लेकर रफीगंज थानाध्यक्ष शंभू कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला दुर्घटनावश कुएं में गिरने का ही प्रतीत होता है, लेकिन पुलिस हर बिंदु को ध्यान में रखकर मामले की तहकीकात कर रही है. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही और वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा.

दूसरी तरफ, घटना की जानकारी मिलने के बाद अंचलाधिकारी (सीओ) भारतेंदु सिंह ने कहा कि राजस्व कर्मचारी को आवश्यक जांच और कागजी कार्रवाई पूरी करने के लिए निर्देश देकर भेजा गया है. सभी प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद सरकार के नियमानुसार मिलने वाली अनुग्रह अनुदान (सहायता) राशि मृतक के आश्रित परिजनों को जल्द से जल्द उपलब्ध करा दी जाएगी.

Also Read: औरंगाबाद के बॉक्सर आदित्य कुमार का बिहार टीम में चयन, पंजाब में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन