औरंगाबाद के बॉक्सर आदित्य कुमार का बिहार टीम में चयन, पंजाब में करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

Edited by Suryakant Kumar
Updated:
विज्ञापन

औरंगाबाद के बॉक्सर आदित्य कुमार

Aurangabad News: औरंगाबाद के जरमा खाप गांव के रहने वाले बॉक्सर आदित्य कुमार ने भागलपुर में आयोजित सब जूनियर राज्य बॉक्सिंग चयन ट्रायल में शानदार जीत दर्ज की है. 58 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में उन्होंने पूर्वी चंपारण के मुक्केबाज को 5-0 से हराकर बिहार की टीम में अपनी जगह पक्की की.

विज्ञापन

औरंगाबाद से मनीष राज सिंघम की रिपोर्ट
Aurangabad News:
औरंगाबाद के खिलाड़ियों ने एक बार फिर खेल के मैदान में जिले का गौरव बढ़ाया है. शहर से सटे जरमा खाप गांव के निवासी आदित्य कुमार ने भागलपुर में आयोजित सब जूनियर राज्य बॉक्सिंग चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन किया है. इस दमदार खेल की बदौलत उन्होंने बिहार टीम में अपना स्थान पक्का कर लिया है.

भागलपुर के खेल भवन में आयोजित इस चयन ट्रायल में आदित्य ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया और जिले का नाम रोशन किया.

फाइनल मुकाबले में 5-0 से हासिल की एकतरफा जीत

इस प्रतियोगिता के 58 किलोग्राम भार वर्ग में खेलते हुए आदित्य कुमार ने फाइनल मुकाबले में पूर्वी चंपारण के मुक्केबाज को 5-0 के एकतरफा अंतर से करारी शिकस्त दी. रिंग में उनके आक्रामक और सूझबूझ भरे खेल के सामने विपक्षी खिलाड़ी टिक नहीं सका. इस एकतरफा जीत के साथ ही आदित्य ने अपनी अद्भुत खेल प्रतिभा का लोहा मनवाया है.

पंजाब में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में करेंगे बिहार का प्रतिनिधित्व

इस राज्य स्तरीय चयन ट्रायल में मिली शानदार जीत के साथ ही आदित्य कुमार का चयन आगामी अंडर-15 राष्ट्रीय बॉक्सिंग चैंपियनशिप के लिए बिहार टीम में हो गया है. यह राष्ट्रीय प्रतियोगिता 23 से 28 जून तक पंजाब में आयोजित होने जा रही है. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में आदित्य बिहार टीम की तरफ से रिंग में उतरेंगे और मेडल के लिए पंच लगाएंगे.

खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर से निखरी आदित्य की प्रतिभा

आदित्य कुमार, सुशील कुमार के बेटे हैं. वे पिछले दो सालों से औरंगाबाद खेल भवन स्थित ‘खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर बॉक्सिंग अकादमी’ में नियमित रूप से बॉक्सिंग का कड़ा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं. उनकी इस बड़ी सफलता पर केंद्र के बॉक्सिंग कोच अखिल राज ने गहरी प्रसन्नता व्यक्त की है.

कोच अखिल राज ने कहा कि औरंगाबाद के खिलाड़ी अब लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना रहे हैं. उन्होंने पूरा भरोसा जताया कि आदित्य पंजाब में होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए पदक जीतेंगे और जिले के साथ-साथ पूरे राज्य का नाम देशभर में रोशन करेंगे.

खेल प्रेमियों और अधिकारियों ने दी बधाई

आदित्य की इस बड़ी खेल उपलब्धि पर औरंगाबाद और भागलपुर के खेल प्रेमियों, बॉक्सिंग से जुड़े साथी खिलाड़ियों और खेल विभाग के अधिकारियों ने उन्हें ढेरों बधाई दी है. सभी ने आदित्य को आगामी राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए अपनी शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया है.

Also Read: ट्रेन में छूटा 20 हजार का मोबाइल, RPF ने खोजकर लौटाया! यात्री ने कहा- ऐसी ईमानदारी कम ही देखने को मिलती है

विज्ञापन
Suryakant Kumar

लेखक के बारे में

By Suryakant Kumar

सूर्यकांत कुमार प्रभात खबर डिजिटल में जूनियर कंटेंट राइटर हैं. डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों का अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत डिजिटल चैनल न्यूज रील्स से की. इसके बाद नेशन दर्पण और खबरिया जंक्शन में कार्य किया, जहां कंटेंट राइटिंग, वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर से जुड़े विभिन्न कार्यों का अनुभव हासिल किया. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन किया है. वर्तमान में वे स्थानीय (हाइपरलोकल) खबरों पर काम कर रहे हैं. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन