भरुब के डॉ. सिद्धार्थ साहिल ने INI-SS 2026 में किया टॉप, ट्रॉमा सर्जरी में हासिल की ऑल इंडिया रैंक-1
डॉ सिद्धार्थ साहिल
Aurangabad News : बिहार के डॉ सिद्धार्थ साहिल ने ट्रॉमा सर्जरी और क्रिटिकल केयर परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है। जानें उनकी सफलता की कहानी.
Aurangabad News : बिहार के औरंगाबाद जिले के ओबरा प्रखंड अंतर्गत भरुब गांव निवासी 28 वर्षीय डॉ. सिद्धार्थ साहिल ने चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल कर जिले और गांव का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है. उन्होंने आईएनआई-एसएस (INI-SS) जुलाई 2026 सत्र की परीक्षा में ट्रॉमा सर्जरी एवं क्रिटिकल केयर विषय में अखिल भारतीय रैंक-1 प्राप्त कर देशभर में पहला स्थान हासिल किया है.
परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल
डॉ. सिद्धार्थ साहिल पूर्व सैनिक कृष्णा सिंह के पौत्र तथा भरुब गांव निवासी राकेश कुमार सिंह और सुधा देवी के पुत्र हैं. उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है. उनकी सफलता पर लोगों ने गर्व व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है.
वर्तमान में नवी मुंबई के एमजीएम अस्पताल में हैं कार्यरत
डॉ. सिद्धार्थ साहिल वर्तमान में नवी मुंबई स्थित एमजीएम अस्पताल में कार्यरत हैं. उन्होंने वर्ष 2022 में एमएस की डिग्री प्राप्त की थी. इसके बाद उन्होंने चिकित्सा के क्षेत्र में निरंतर मेहनत, समर्पण और लगन के साथ आगे बढ़ते हुए यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की.
परिवार और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता का श्रेय डॉ. सिद्धार्थ साहिल ने अपने परिवार, शिक्षकों और मार्गदर्शकों के निरंतर सहयोग एवं प्रेरणा को दिया. उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य कठिन परिश्रम के माध्यम से प्रत्येक रोगी के दर्द को कम करना और बिना किसी भेदभाव के समाज के हर जरूरतमंद एवं पीड़ित व्यक्ति की सेवा करना है.
उन्होंने कहा कि चिकित्सा उनके लिए केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची सेवा का माध्यम है.
पूर्व सैनिक संघ ने दी बधाई
डॉ. सिद्धार्थ साहिल की उपलब्धि पर पूर्व सैनिक संघ, दाउदनगर के सदस्यों ने हर्ष व्यक्त किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. बधाई देने वालों में संघ के अध्यक्ष जनेश्वर सिंह, उपाध्यक्ष पप्पू कुमार, कोषाध्यक्ष अशोक कुमार, सचिव अरुण कुमार पांडेय, कृष्णा सिंह, राजाराम सिंह, कमलेश कुमार, मिथिलेश सिंह, दीपक कुमार, सुरेश तिवारी, कौशलेंद्र कुमार, बेस लाल सिंह, रामचंद्र सिंह, रवि कुमार, सिद्धेश्वर सिंह, सुरेंद्र कुमार सहित अन्य सदस्य शामिल रहे.
Also Read : 11 अगस्त को औरंगाबाद के तीन पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का होगा समाधान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










