बेलवां के डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक का होगा जीर्णोद्धार, बीडीओ ने जीपीडीपी में शामिल करने का दिया निर्देश
अंबेडकर चौक का जायजा लेते बीडीओ मो जफर इमाम
Aurangabad News : दाउदनगर के बेलवां गांव में जर्जर अंबेडकर चौक का जल्द कायाकल्प होगा. बीडीओ ने जीर्णोद्धार योजना को जीपीडीपी में शामिल करने का निर्देश दिया है.
Aurangabad News : बेलवां पंचायत अंतर्गत बेलवां गांव स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक का जल्द ही जीर्णोद्धार कराया जाएगा. जर्जर हो चुके अंबेडकर चबूतरे के पुनर्निर्माण को लेकर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मो. जफर इमाम ने ग्राम पंचायत को आवश्यक निर्देश दिए हैं. उन्होंने योजना को ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में शामिल कर प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने को कहा है.
पंचायत भवन की बैठक के दौरान ग्रामीणों ने उठाई मांग
जानकारी के अनुसार, बीडीओ मो. जफर इमाम बेलवां पंचायत भवन में आयोजित एक बैठक में शामिल होने पहुंचे थे. इसी दौरान ग्रामीणों ने उनसे डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक की जर्जर स्थिति की शिकायत की. ग्रामीणों ने बताया कि चौक पर बना अंबेडकर चबूतरा लंबे समय से रखरखाव के अभाव में जर्जर हो चुका है. इसकी स्थिति ऐसी हो गई है कि अब तत्काल जीर्णोद्धार की आवश्यकता है. इसके बाद ग्रामीण बीडीओ को स्थल पर ले गए और चबूतरे की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया.
करीब 25 वर्ष पहले हुआ था चबूतरे का निर्माण
ग्रामीणों के अनुसार, करीब ढाई दशक पहले तत्कालीन विधायक राजाराम सिंह द्वारा अंबेडकर चबूतरे का निर्माण कराया गया था. वर्तमान में राजाराम सिंह काराकाट लोकसभा क्षेत्र के सांसद हैं. निर्माण के बाद से यह स्थल ग्रामीणों के लिए सामाजिक एवं सार्वजनिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बना हुआ है.
जीपीडीपी में शामिल कर प्राथमिकता से होगा कार्य
ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने संबंधित अधिकारियों एवं पंचायत कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि अंबेडकर चबूतरे के जीर्णोद्धार की योजना को जीपीडीपी में शामिल कर चयनित किया जाए और प्राथमिकता के आधार पर निर्माण कार्य पूरा कराया जाए. उन्होंने बताया कि पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दे दिया गया है. साथ ही संबंधित कर्मियों को योजना तैयार कर आगे की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं.
ग्रामीणों ने जताया आभार
अंबेडकर चौक के जीर्णोद्धार की पहल का ग्रामीणों ने स्वागत किया. उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन की पहल से जल्द ही चबूतरे का कायाकल्प होगा और क्षेत्र को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल मिलेगा.
Also Read : 11 अगस्त को औरंगाबाद के तीन पंचायतों में लगेगा सहयोग शिविर, ग्रामीणों की समस्याओं का होगा समाधान
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










