औरंगाबाद में प्लास्टर का काम करने के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से 27 वर्षीय मजदूर की मौत

Updated:
विज्ञापन

Aurangabad News: औरंगाबाद के दाउदनगर प्रखंड के लालाअमौना गांव निवासी 27 वर्षीय मजदूर की बिजली करंट की चपेट में आने से मौत हो गई. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है.

विज्ञापन

Aurangabad News : (ओम प्रकाश) औरंगाबाद जिले के दाउदनगर प्रखंड के लालाअमौना गांव निवासी एक युवा मजदूर की बिजली करंट की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई. दिल दहला देने वाली यह घटना शीतल बिगहा स्थित एक निर्माणाधीन मकान में घटित हुई. इस असामयिक हादसे के बाद जहां मृतक के रोते-बिलखते परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं पूरे लालाअमौना गांव में शोक की लहर दौड़ गई है. मृतक की पहचान गांव निवासी 27 वर्षीय देवानंद कुमार के रूप में की गई है, जो तीन भाइयों में मंझले थे और मजदूरी कर परिवार चलाते थे.

बाथरूम जाने के दौरान करंट की चपेट में आए देवानंद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवानंद कुमार बुधवार को शीतल बिगहा स्थित एक मकान में रोजाना की तरह दीवार प्लास्टर का काम कर रहे थे. दोपहर करीब साढ़े 12 बजे वह काम के बीच में ही हाथ-मुंह धोने या अन्य जरूरत से बाथरूम जाने के लिए गए थे. काफी देर तक जब वे वापस काम पर नहीं लौटे, तो उनके साथ में काम कर रहे मुख्य राजमिस्त्री को चिंता हुई. जब उसने उत्सुकतावश बाथरूम के पास जाकर देखा तो उसके होश उड़ गए; देवानंद वहां बिजली के नंगे तार से उतरे करंट की चपेट में बेसुध पड़े हुए थे.

राजमिस्त्री ने देखा तो रुकी थीं सांसें, अस्पताल में मृत घोषित

घटना की जानकारी मिलते ही मकान परिसर में मौजूद अन्य मजदूरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई. आनन-फानन में सहकर्मियों और स्थानीय नागरिकों की मदद से उन्हें तुरंत इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल दाउदनगर पहुंचाया गया. हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों ने गहन जांच के उपरांत देवानंद को मृत घोषित कर दिया. मजदूर के मृत्यु की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में परिजनों और भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई, जिससे माहौल गमगीन हो गया.

शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी पुलिस

परिजनों ने रोते हुए बताया कि देवानंद बेहद सीधे सरल स्वभाव के थे और दिन-रात कड़ी मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे. उनकी मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है.

इधर, घटना की सूचना मिलते ही दाउदनगर थाना के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) अनिल कुमार और आरबी चौधरी दलबल के साथ अस्पताल पहुंचे. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की और शव को पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला दर्ज कर लिया गया है और बाथरूम में करंट कैसे उतरा, इसकी बारीकी से जांच की जा रही है.

Also Read: दाउदनगर में NH-120 पर चला प्रशासन का बुलडोजर, भखरुआं मोड़ से गयाजी रोड तक हटा अतिक्रमण

विज्ञापन
सूर्यकांत कुमार

लेखक के बारे में

By सूर्यकांत कुमार

सूर्यकांत कुमार तीन वर्षों से हिंदी डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं. स्थानीय और हाइपरलोकल पत्रकारिता में विशेष अनुभव रखते हैं. कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ वीडियो एडिटिंग और वॉयस ओवर का भी व्यावहारिक अनुभव रखते हैं. उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत एक डिजिटल न्यूज चैनल से की और विभिन्न डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कार्य करते हुए समाचार लेखन और डिजिटल कंटेंट प्रोडक्शन का अनुभव हासिल किया है. इसके अलावा खेल और मनोरंजन से जुड़ी खबरों में भी विशेष रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन