Aurangabad News : बंद घर को बनाया निशाना : बेटी की शादी के लिए रखे नकद और जेवर समेत करीब 20 लाख की चोरी
Published by : Rajeev Kumar Updated At : 23 May 2026 10:54 AM
चोरी के बाद घर में बिखरा सामान।
Aurangabad News : 16 मई को अपने पुत्र के शैक्षणिक कार्य से घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। बीती रात करीब एक बजे जब वे वापस लौटे तो घर की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए. सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था.
Aurangabad News : (ओम प्रकाश) दाउदनगर (औरंगाबाद) थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है. ताजा मामला भखरुआं तिवारी मोहल्ला स्थित मंटू हॉस्पिटल के पीछे का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोना-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया.
11 साल से रह रहे हैं उपेंद्र, 16 मई को गए थे बाहर
जानकारी के अनुसार, गृहस्वामी डॉ. उपेंद्र यादव, जो हसपुरा प्रखंड के सिहाड़ी गांव के रहने वाले हैं और पिछले 11 वर्षों से दाउदनगर में रह रहे हैं, 16 मई को अपने पुत्र के शैक्षणिक कार्य से घर में ताला लगाकर बाहर गए थे। बीती रात करीब एक बजे जब वे वापस लौटे तो घर की स्थिति देखकर उनके होश उड़ गए. सभी कमरों के ताले टूटे हुए थे और सामान बिखरा पड़ा था.
घर में पीछे के रास्ते से आए चाेर
चोरों ने घर के पीछे से प्रवेश कर सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। उन्होंने गोदरेज, बक्सों और दीवान पलंग को तोड़कर उसमें रखे कीमती सामान चुरा लिए. डॉ. उपेंद्र यादव ने बताया कि उनकी बेटी की शादी नवंबर महीने में तय है, जिसके लिए लंबे समय से जेवरात और अन्य सामान जुटाया जा रहा था। घटना से पूरा परिवार गहरे सदमे में है.
इन सामानों की चोरी हुई
गृहस्वामी के अनुसार, चोर करीब 2 लाख रुपये नकद और लगभग 20 लाख रुपये मूल्य के सोना-चांदी के जेवरात ले गए। चोरी हुए सामान में सोने की चेन, मंगटीका, कान की बाली, नथिया, झुमका, चांदी की पायल, बिछिया समेत अन्य आभूषण शामिल हैं.
पुलिस मामले की जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने पर दाउदनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही चोरों की पहचान कर मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
लोगों व व्यापारियों में भय का माहौल
एनएच-139 दाउदनगर-औरंगाबाद रोड पर हुई इस बड़ी चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों और व्यापारियों में आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और जल्द से जल्द घटनाओं के खुलासे की मांग की है।
Also Read: ओबरा थाना में पुलिस अधिकारियों को सम्मान, अपहृत छात्रों की सकुशल बरामदगी पर मिली सराहना
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










