बिहार पुलिस को मिले 412 नए जवान, पासिंग आउट परेड में आईजी विकास वैभव ने दिलाई जनसेवा और कानून रक्षा की शपथ

Author Vikas Jha
Updated:
विज्ञापन

बिहार पुलिस को मिले नए जवान। फोटो- प्रभात खबर

Aurangabad News: औरंगाबाद पुलिस केंद्र में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 412 जवानों ने पासिंग आउट परेड के साथ पुलिस सेवा में प्रवेश किया. आईजी विकास वैभव ने उन्हें कानून व्यवस्था मजबूत करने, जनता का विश्वास जीतने और वर्दी की गरिमा बनाए रखने की शपथ दिलाई.

विज्ञापन

Aurangabad News (औरंगाबाद से सुधीर कुमार सिन्हा की रिपोर्ट): औरंगाबाद पुलिस लाइन मैदान शुक्रवार को उस गौरवशाली क्षण का साक्षी बना, जब कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और समर्पण के सफर को पूरा कर 412 प्रशिक्षु पुलिस जवानों ने पासिंग आउट परेड के साथ पुलिस सेवा में प्रवेश किया. दीक्षांत समारोह में जवानों ने ईमानदारी, निष्ठा और जनसेवा के भाव से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली. इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) विकास वैभव उपस्थित रहे, जबकि पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल सहित कई वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी भी समारोह में शामिल हुए.

वर्दी में देखकर भावुक हुए परिजन

प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जवानों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने बेटों-बेटियों को वर्दी में कदमताल करते देख गर्व से भावुक हो उठे. जिले के पुलिस केंद्र में इन 412 जवानों को विशेष प्रशिक्षण प्रदान किया गया था. समारोह की शुरुआत में आईजी विकास वैभव द्वारा प्रशिक्षु जवानों के परेड का निरीक्षण किया गया. इसके बाद प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले जवानों को कर्तव्य निर्वहन की शपथ दिलायी. जवानों ने भी अनुशासित कदमताल और आकर्षक परेड के माध्यम से मुख्य अतिथि को सलामी दी. बेहतर करने वाले जवानों को प्रशस्ति पत्र भी दिया गया.

कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी की शुरुआत

अपने संबोधन में आईजी विकास वैभव ने कहा कि आज का दिन केवल एक उपलब्धि का दिन नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी की शुरुआत है. उन्होंने जवानों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने कठिन प्रशिक्षण और परीक्षाओं की चुनौतीपूर्ण अवधि को सफलतापूर्वक पार किया है. अब उनके कंधों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने और समाज में विश्वास कायम करने का महत्वपूर्ण दायित्व है. उन्होंने कहा कि पुलिस केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा और समर्पण का माध्यम है. आम नागरिक पुलिस को देखकर पूरे शासन-प्रशासन का आकलन करता है.

सुरक्षा और विश्वास का बनाएं माहौल

आईजी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में पुलिस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. राज्य सरकार चाहती है कि निवेशक बिहार में आएं और विकास की नई संभावनाएं पैदा हों. इसके लिए सुरक्षा के साथ-साथ विश्वास का वातावरण बनाना आवश्यक है. जब लोगों को यह भरोसा होगा कि पुलिस के पास जाने पर उन्हें न्याय मिलेगा, तब समाज और निवेशकों दोनों का विश्वास मजबूत होगा. पुलिस अधीक्षक अंबरीश राहुल ने भी सभी प्रशिक्षु जवानों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए अनुशासन और मूल्यों को सेवा जीवन में आत्मसात करें.

Also Read: औरंगाबाद पुलिस केंद्र में आज पासिंग आउट परेड, 412 नव-नियुक्त सिपाही बनेंगे बिहार पुलिस का हिस्सा

विज्ञापन
विकाश झा

लेखक के बारे में

By विकाश झा

विकाश झा डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता के क्षेत्र में छह वर्षों से अधिक का अनुभव रखते हैं. उन्होंने पटना यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन में स्नातक तथा माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में स्नातकोत्तर की शिक्षा प्राप्त की है. स्पोर्ट्स, हाइपरलोकल और पॉलिटिकल पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं. क्रिकेट, समाज और राजनीति से जुड़े विषयों पर उनकी विशेष पकड़ है. वे तथ्य आधारित, प्रभावशाली और पाठक-केंद्रित कंटेंट तैयार करने में रुचि रखते हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन