औरंगाबाद: 20-21 जुलाई के रेड अलर्ट को लेकर दाउदनगर के भखरुआं मोड़ में जल निकासी व्यवस्था का एडीएम और एसडीओ ने लिया जायजा

Author Om Prakash|Edited by Vikash Jha
Updated:
विज्ञापन
रेड अलर्ट से पहले प्रशासन अलर्ट,भखरुआं मोड़ की नालियों का निरीक्षण, जल निकासी दुरुस्त करने के दिए निर्देश

भखरुआं मोड़ पर नाली का निरीक्षण करते एसडीओ अमित राजन एवं अन्य | Prabhat Khabar Network

बिहार मौसम विभाग के भारी बारिश के रेड अलर्ट के मद्देनजर, औरंगाबाद के प्रशासनिक अधिकारियों ने दाउदनगर के भखरुआं मोड़ का सघन निरीक्षण किया। जल निकासी व्यवस्था को प्राथमिकता के आधार पर ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं।

विज्ञापन

Aurangabad News: बिहार मौसम विभाग द्वारा आगामी 20 एवं 21 जुलाई के लिए जारी भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने भखरुआं मोड़ क्षेत्र में जल जमाव की विकट समस्या से निपटने की तैयारी तेज कर दी है. इसी क्रम में औरंगाबाद के अपर समाहर्ता (आपदा) उपेंद्र पंडित एवं दाउदनगर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) अमित राजन ने संयुक्त रूप से भखरुआं मोड़ का स्थलीय निरीक्षण कर नाली जाम एवं जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया. इस दौरान पूरी टीम धरातल पर सक्रिय दिखी.

अधिकारियों ने किया पैदल मार्च

औरंगाबाद के दाउदनगर में हुए इस निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी मोहम्मद जफर इमाम, अंचलाधिकारी सतीश कुमार सिंह, नगर पर्षद के कार्यपालक पदाधिकारी ऋषिकेश अवस्थी, राजस्व अधिकारी रोहित कुमार, टाउन स्वच्छता पदाधिकारी अमन कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मुख्य रूप से मौजूद रहे. पदाधिकारियों ने बाजार रोड तथा राष्ट्रीय राजमार्ग-139 (NH-139) के किनारे स्थित प्रमुख नालियों का बारीकी से निरीक्षण किया और जहां भी जल निकासी बाधित थी, वहां तत्काल सफाई कराने का निर्देश दिया.

प्राथमिकता के आधार पर होगी सफाई

एसडीओ अमित राजन ने स्वयं पूरे क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर ढकी हुई नालियों की वर्तमान स्थिति को देखा और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से सिल्ट हटाने व नालियों की सघन सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में जल जमाव की समस्या से आम लोगों और राहगीरों को कोई परेशानी न हो, इसके लिए जल निकासी की समुचित व्यवस्था प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जाए. लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर कार्रवाई की जाएगी.

दुकानदारों से कचरा न फेंकने की अपील

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम द्वारा स्थानीय दुकानदारों से भी विशेष अपील की गई कि वे अपने प्रतिष्ठानों का कूड़ा-कचरा डस्टबिन में ही डालें और किसी भी स्थिति में नालियों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकें. पदाधिकारियों ने समझाया कि नालियों में प्लास्टिक और कचरा डालने से जल निकासी पूरी तरह बाधित होती है, जिससे थोड़ी सी बारिश में भी जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है. एसडीओ ने बताया कि मौसम विभाग के रेड अलर्ट को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है.

भखरुआं मोड़ पर विशेष नजर

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि भखरुआं मोड़ को अनुमंडल में सबसे प्रमुख जल जमाव संभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है. इसलिए यहां भारी बरसात से पहले नालियों की व्यापक सफाई युद्धस्तर पर कराई जा रही है, ताकि मूसलाधार बारिश के दौरान भी पानी का सुचारु निकास हो सके. ज्ञात हो कि दाउदनगर अनुमंडल मुख्यालय का भखरुआं मोड़ यातायात एवं व्यवसायिक दृष्टिकोण से बेहद महत्वपूर्ण इलाका है, जहां अक्सर नाली का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने की समस्या रहती है.


विज्ञापन
Om Prakash

लेखक के बारे में

By Om Prakash

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन