" 100 में दउरा, तो डेढ़ सौ में बिक रहे चूल्हे
Published by :Prabhat Khabar Digital Desk
Published at :04 Nov 2016 8:08 AM (IST)
विज्ञापन

छठ. पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, सड़कों पर सज गयीं दुकानें औरंगाबाद नगर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में सामग्री को खरीदारी को लेकर बाजार गुलजार हो गया है. शहर से लेकर गांवों तक भक्ति का माहौल दिख रहा है. जगह-जगह सूप-दउरा सहित इस पर्व में इस्तेमाल होनेवाली […]
विज्ञापन
छठ. पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजारों में बढ़ी चहल-पहल, सड़कों पर सज गयीं दुकानें
औरंगाबाद नगर : लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा में सामग्री को खरीदारी को लेकर बाजार गुलजार हो गया है. शहर से लेकर गांवों तक भक्ति का माहौल दिख रहा है. जगह-जगह सूप-दउरा सहित इस पर्व में इस्तेमाल होनेवाली पूजा सामग्री की खरीदारी जोरों से हो रही है. लोग सुबह से शाम तक इसकी खरीदारी में जुटे हैं.
शहर के पुरानी जीटी रोड स्थित कई सूप दउरे के दुकानों में श्रद्धालुओं की भीड़ देखी गयी. वहीं पूजा-पाठ की दुकानों पर भी लंबी कतार में खड़े होकर सामग्री की खरीदारी कर रहे हैं. सड़क के किनारे नींबू, नारियल, घाघर, सेव, संतरे, केले जैसे फलों की दुकानें भी सज गयी हैं और इन दुकानों पर श्रद्धालु जम कर खरीदारी कर रहे हैं. रमेश चौक से लेकर धर्मशाला मोड़ तक कई जगहों पर दुकानें सजी हुई हैं. प्रत्येक साल की तरह इस बार भी अधिक भीड़ देखने को मिल रही है.
लोग दूर-दूर से सामग्रियों की खरीदारी के लिये जुट रहे हैं. यहां थोक व खुदरा मूल्य पर सामान की खरीदारी कर रहे हैं. सूप-दउरा से लेकर पूजा-पाठ के सामान तथा मिट्टी का चूल्हा, आम की लकड़ी सहित अन्य चीजें भी मिल रही हैं. छोटा दउरा से लेकर बड़े साइज के कई दउरा बाजार में उपलब्ध है. लोग अपने सामर्थ्य के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं. 50 से 60 रुपये सूप, 100 से 150 रुपये तक का दउरा, 60 से 90 रुपये खाच, 20 से 30 रुपये नारियल, 10 से 20 रुपये नींबू, 10 रुपये ईख, 80 से 150 रुपये तक सेब, 50 से 150 रुपये तक मिट्टी चूल्हा, 20 रुपये किलो आम की लकड़ी बाजारों में बिक रही है. इधर, शुक्रवार को नहाय-खाय है. इस दिन अरवा चावल, चने की दाल, कद्दू की सब्जी खाने का विशेष महत्व है. इसको लेकर भी श्रद्धालु सब्जी मंडी में कद्दू की खरीदारी पहले से ही कर रहे हैं.
सफाई में जुट गयीं समितियां
छठ पर्व को लेकर विभिन्न पूजा समितियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रानुसार साफ-सफाई की जायेगी. इसको लेकर पूजा समिति भी तैयारी में जुट गयी है. शहर के अदरी नदी सूर्यमंदिर स्थित छठ घाट पर भी काफी संख्या में श्रद्धालु पहुचते हैं, इसको लेकर विभिन्न मुहल्लेवासियों द्वारा सड़क की साफ-सफाई की जा रही है. वहीं रंग-बिरंगी लाइटें भी लगाने की तैयारी चल रही है.
गांधी युवा क्लब व टोला सेवकों ने चलाया सफाई अभियान
मदनपुर. मदनपुर थानाक्षेत्र के मानव घाट खिरियावा में छठ घाट की सफाई टोला सेवक गांधी युवा क्लब व धार्मिक न्यास समिति द्वारा की गयी. सफाई की शुरुआत मुखिया प्रतिनिधि सूबेदार महतो, गांधी युवा क्लब के सचिव उदय कुमार शिकारी, टोला सेवक सीआरसी अध्यक्ष मुकेश कुमार ने झाड़ू लगा कर की.
सफाई अभियान में युवाओं द्वारा हाथ में कुदाल, झाड़ू लेकर घाट को समतल किया गया. उदय शिकारी ने बताया कि नदी में बांध बांध कर पानी की व्यवस्था की जायेगी, ताकि अर्घ देते समय छठव्रतियों को स्नान करने में कोई दिक्कत न हो. सफाई अभियान में शामिल राजू चौधरी, प्रभु पासवान, सरोज साव, गिरजा कुमार, विकास कुमार, प्रशांत कुमार, प्रेम यादव, तिरंगा कुमार, रविंद्र कुमार, विपुल शिकारी, श्रवण साव, राजेश यादव सहित अन्य लोग शामिल थे.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




