बम विस्फोट में 11 हिरासत में

Published at :21 Jun 2016 7:21 AM (IST)
विज्ञापन
बम विस्फोट में 11 हिरासत में

कार्रवाई . फॉरेंसिक साइंस लैब टीम ने लिये बारूद के नमूने औरंगाबाद : देव बम ब्लास्ट मामले में पुलिस ने विभिन्न जगहों से 11 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं पायी है. लेकिन, संदिग्ध लोगों से वरीय पुलिस पदाधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. इस बीच, प्रारंभिक जांच में पुलिस […]

विज्ञापन

कार्रवाई . फॉरेंसिक साइंस लैब टीम ने लिये बारूद के नमूने

औरंगाबाद : देव बम ब्लास्ट मामले में पुलिस ने विभिन्न जगहों से 11 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं पायी है. लेकिन, संदिग्ध लोगों से वरीय पुलिस पदाधिकारी पूछताछ कर रहे हैं. इस बीच, प्रारंभिक जांच में पुलिस को नक्सलियों द्वारा घटनास्थल पर तीन शक्तिशाली बम विस्फोट किये जाने के सबूत मिले हैं. बम इतने शक्तिशाली थे कि अगर चपेट में कोई वाहन आया होता, तो उसके परखचे उड़ जाते. नक्सलियों की इस करतूत में पुलिस को कुछ स्थानीय लोगों पर भी मिलीभगत का संदेह है.

वहीं, सोमवार को पटना से पहुंची फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल से मिट्टी व बारूद के नमूने लिये.जानकारी के मुताबिक, सोमवार को एफएसएल की टीम औरंगाबाद एसपी बाबूराम के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मौके से मिट्टी के अंश व बारूद के अवशेष को सैंपल के रूप में लिया व जांच करने के लिए पटना लेकर चली गयी. एसपी बाबूराम ने घटनास्थल की गंभीरता से जांच की. अब तक पुलिस की जांच में पता चला है कि नक्सलियों द्वारा तीन बम ब्लास्ट किये गये थे, जो बहुत ही शक्तिशाली थे.

जांच से जुड़े लोगों का मानना है कि यदि विस्फोट के दौरान कोई भी बड़ा वाहन चपेट में आता, तो उसके परखचे उड़ जाते. नक्सलियों ने जिस तरह से इस घटना को अंजाम दिया है, उससे स्पष्ट है कि इसमें स्थानीय लोगों की संलिप्तता रही होगी. घटनास्थल से मात्र 200 गज की दूरी पर गांव है. जब नक्सली बम ब्लास्ट करने के लिए आये होंगे या फिर तार जोड़ कर खेत की ओर से पश्चिम दिशा स्थित नाला साइड में उसे ले गये होंगे, तो इसकी जानकारी ग्रामीणों को हुई होगी या फिर किसी ने तो जरूर देखा होगा.

लेकिन, नक्सलियों के भय से ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना नहीं दी. इधर, एसपी पता लगाने में जुटे हैं कि बम सड़क बनने के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाये गये थे या फिर बाद में. पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है. एसपी ने कहा कि बम ब्लास्ट की घटना के बाद नक्सलियों के विरुद्ध ऑपरेशन तेज कर दिया गया है. तटीय इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है. इस बीच, पता चला है कि इस मामले में 11 संदिग्ध लोगों को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. एसपी ने कहा कि घटना काे अंजाम देनेवाले नक्सलियों को बख्शा नहीं जायेगा.

लैंडमाइंस िवस्फोट में मारा गया था जवान

औरंगाबाद जिले के नक्सलग्रस्त क्षेत्र देव के बंधुबिगहा गांव के पास रविवार को देव-कचनपुर रोड में कांबिंग ऑपरेशन से लौट रहे कोबरा जवानों पर नक्सलियों ने लैंडमाइंस विस्फोट कर हमला कर दिया था. इस हमले में अासाम निवासी कोबरा जवान अपूर्व डेका शहीद हो गये थे. दो जवानों अजीत कुमार व कनकन काकोटी को पीएमसीएच भेजा गया, जहां दोनों का इलाज चल रहा है.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन