आज खरना, कल डूबते सूर्य को देंगे अर्घ
Updated at : 25 Oct 2017 9:04 AM (IST)
विज्ञापन

अास्था. नहाय-खाय के लिए घाटों व तलाबों में स्नान करने को उमड़े श्रद्धालु व्रतियों ने स्नान के बाद दोपहर में कद्दू-भात किया ग्रहण औरंगाबाद सदर : नहाय-खाय के साथ छठ पर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान मंगलवार से शुरू हो गया. इसे लेकर सुबह से ही शहर के विभिन्न तटों पर स्नान करनेवाले व्रतियों का सैलाब […]
विज्ञापन
अास्था. नहाय-खाय के लिए घाटों व तलाबों में स्नान करने को उमड़े श्रद्धालु
व्रतियों ने स्नान के बाद दोपहर में कद्दू-भात किया ग्रहण
औरंगाबाद सदर : नहाय-खाय के साथ छठ पर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान मंगलवार से शुरू हो गया. इसे लेकर सुबह से ही शहर के विभिन्न तटों पर स्नान करनेवाले व्रतियों का सैलाब उमड़ पड़ा .नदी, सरोवर में स्नान करने के लिए शहर व जिले के अलावा आसपास के जिलों के श्रद्धालुओं का भी आना शुरू हो गया है.
भगवान भास्कर की नगरी देव में छठ का अनुष्ठान करने लोग मंगलवार से ही जुटने शुरू हो गये.स्नान आदि का सिलसिला दोपहर तक चलता रहा. सभी व्रतियों ने स्नान के बाद दोपहर में कद्दू-भात को सात्विक तरीके से तैयार कर ग्रहण किया और घर परिवार के अलावा पास पड़ोस के लोगों को भी प्रसाद के रूप में वितरित किया. इसके बाद मंगलवार को ही सभी व्रतियों ने छठ के प्रसाद के लिए गेहूं धोकर धूप में सुखाया और जांते में खुद ही पीसा भी. बुधवार को खरना को लेकर व्रती उपवास रखेंगे और शाम को खीर पूरी व फल का भोग भगवान सूर्य को लगायेंगे. गुरुवार को भगवान सूर्य को शाम का अर्घ अर्पित किया जायेगा. इस दिन व्रति दिन भर उपवास रखेंगे और शाम को पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ देंगे. दूसरे दिन उजाला होने से पहले ही व्रती व श्रद्धालु तटों व पोखर तालाब के पास पहुंच जायेंगे और उदयीमान सूर्य को अर्घ देंगे.
युवा समाजसेवियों ने छठव्रतियों के बीच बांटा सूप-दउरा
छठ को लेकर बाजार में रौनक है. समाजसेवी भी समाजसेवा में तन-मन से जुड़े हैं.
मंगलवार की सुबह आर्यन महाजन नाट्य परिषद के कार्यकर्ताओं ने शहर में एक स्टॉल लगाकर छठव्रतियों के बीच सूप और दउरा का वितरण किया. संस्था के अध्यक्ष राहुल राज, विक्रम गुप्ता, जिशू गुप्ता, मनोज चौधरी, सुनील कुमार, अमित कुमार, सूरज कुमार ने सैकड़ो छठव्रतियों को पर्व के लिए नि:शुल्क सामग्रियां दीं.राहुल ने कहा कि महाछठ पर्व के मौके पर प्रत्येक वर्ष आर्यन महाजन नाटय परिषद द्वारा छठव्रतियों के बीच सामग्रियों का वितरण किया जाता है. समय-समय पर समाजसेवा के अन्य कार्य भी किये जाते रहे है.
देव में छठ मेले से पहले अधिकारियों से रू-ब-रू हुए डीएम-एसपी : सूर्य नगरी देव में लगनेवाले चार दिवसीय छठ पूजा को लेकर मंगलवार की दोपहर में जिलाधिकारी कंवल तनुज और पुलिस कप्तान डॉ सत्यप्रकाश, एसडीपीओ पीएन साहू, एसडीओ सुरेंद्र प्रसाद ने सूर्य कुंड तालाब पर देव छठ मेला में तैनात पुलिस पदाधिकारी और दंडाधिकारियों को संबोधित किया . संबोधन के दौरान पुलिस कप्तान ने कहा कि जो भी पुलिस कर्मी यहां तैनात हैं, उन्हें बस यह सोचना है कि उन्हें सेवा करना है. सेवा आशीर्वाद और छठ व्रत से कम पुण्यदायक नहीं होगा.
एसपी ने आगे कहा कि यहां जितने भी पुलिस के अधिकारी तैनात हैं वह अपनी ड्यूटी आज से ही पकड़ लेंगे. यदि पुलिस कर्मियों को भोजन या किसी कारणवश थोड़ी देर के लिए अपना जगह से हटना पड़े, तो वहां मौजूद मजिस्ट्रेट को सूचना देकर ही हटेंगे और पुनः जल्द से जल्द अपनी ड्यूटी पर पहुंच जायेंगे. एक उड़न दस्ता टीम की नियुक्ति कर दी गई है और उड़नदस्ता टीम ही उन्हें रिपोर्ट करेगी कि कौन कहां गायब है और कौन कहां तैनात है.
वहीं जिलाधिकारी कंवल तनुज ने कहा कि यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी मजिस्ट्रेट की है. सुनिश्चित करना है कि कोई भी वाहन चालक मनमौजी तरीके से वाहन लगा कर इधर उधर न भागे. जिलाधिकारी ने सूर्यकुंड तालाब व घाटो पर तैनात अधिकारियों से कहा कि लोगों की भीड़ सूर्य कुंड तालाब के ग्रिल के अंदर एकत्रित नहीं होने देना है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
विज्ञापन
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar Digital Desk
यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए
विज्ञापन




