कलेर के सहयोग शिविर में प्रभारी मंत्री के सामने हंगामा कर रहा युवक गिरफ्तार, शराब पीने की पुष्टि

Published by : Nikhil Anurag Updated At : 02 Jun 2026 6:28 PM

विज्ञापन

सहयोग शिविर की सांकेतिक तस्वीर

Arwal News: अरवल जिले के कलेर प्रखंड की तीन पंचायतों में मंगलवार को 'सहयोग शिविर' का आयोजन किया गया, जहां प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश और विधायक मनोज कुमार शर्मा लोगों की समस्याएं सुन रहे थे. इसी बीच हंगामा कर रहे एक युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया. मेडिकल जांच में युवक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई.

विज्ञापन

Arwal News: (अंजनी कुमार की रिपोर्ट) प्रखंड क्षेत्र के बेलसार, दक्षिणी कलेर एवं सोहसा पंचायत में मंगलवार को जन-समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए ‘सहयोग शिविर’ का आयोजन किया गया. सरकार की इस पहल को लेकर स्थानीय ग्रामीणों में सुबह से ही काफी उत्सुकता देखने को मिली. बड़ी संख्या में ग्रामीण और महिला फरियादी अपने-अपने पंचायत भवनों में पहुंचे और दाखिल-खारिज, बिजली बिल की गड़बड़ी, वृद्धावस्था पेंशन, नया राशन कार्ड, भूमि विवाद तथा प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित आवेदन जमा किए.

जानिए कहाँ कितने मामलों का हुआ निपटारा

शिविरों में कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर ग्रामीणों को तुरंत राहत प्रदान की गई:

  • बेलसार पंचायत: यहाँ कुल 106 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 34 मामलों का ऑन द स्पॉट निपटारा किया गया, जबकि शेष 72 आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए लंबित रखा गया है.
  • दक्षिणी कलेर पंचायत: इस पंचायत में कुल 83 आवेदन आए, जिनमें से 36 मामलों का त्वरित समाधान किया गया तथा 47 आवेदन प्रक्रियाधीन हैं.
  • सोहसा पंचायत: यहाँ कुल 95 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 24 मामलों का ऑन द स्पॉट निष्पादन किया गया, जबकि 71 मामलों पर आगे की विभागीय कार्रवाई की जा रही है.

प्रभारी मंत्री और विधायक की मौजूदगी में युवक ने किया हंगामा

बेलसार पंचायत में आयोजित सहयोग शिविर के दौरान उस समय कुछ देर के लिए अफरातफरी और हलचल का माहौल बन गया, जब एक युवक अचानक अधिकारियों के सामने जोर-जोर से चिल्लाने लगा. वह बालू की समस्या, सड़क की बदहाल स्थिति तथा अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर हंगामा कर रहा था.

जिस समय यह घटना हुई, उस समय बिहार सरकार के जिले के प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश तथा स्थानीय विधायक मनोज कुमार शर्मा खुद शिविर का निरीक्षण कर रहे थे. इसी दौरान बेलसार ग्राम निवासी राजेश कुमार तेज आवाज में अभद्र व्यवहार करने लगा. युवक के इस आक्रामक रवैये को देखकर वहां मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का ध्यान उसकी ओर गया.

मेडिकल जांच में शराब सेवन की पुष्टि, गिरफ्तार

युवक को लगातार हंगामा करते देख मौके पर मौजूद प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार को उसके हाव-भाव से शराब के नशे में होने की आशंका हुई. बीडीओ ने तुरंत वहां सुरक्षा व्यवस्था में तैनात मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार को युवक को अभिरक्षा में लेकर मेडिकल जांच कराने का कड़ा निर्देश दिया.

बीडीओ के निर्देश पर पुलिस युवक को तुरंत अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों द्वारा की गई मेडिकल जांच में उसके द्वारा शराब के सेवन करने की शत-प्रतिशत पुष्टि हो गई. जांच रिपोर्ट आते ही पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. इस संबंध में मेहंदिया थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार ने बताया कि मेडिकल जांच में शराब पीने की पुष्टि के बाद आरोपी युवक के खिलाफ बिहार उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद: मंत्री

इस घटना के बाद प्रशासन की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई और शिविर सुचारू रूप से चलता रहा. शिविर को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री दीपक प्रकाश ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनके पंचायत स्तर पर ही करना है ताकि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद स्थापित हो सके. वहीं, विधायक मनोज कुमार शर्मा ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है.

इस अवसर पर अंचल अधिकारी सर्वेश कुमार सिन्हा सहित विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी, स्थानीय मुखिया, वार्ड सदस्य, पंच, सरपंच एवं भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.

Also Read: बेगूसराय में BPSC शिक्षक की शर्मनाक करतूत, नाबालिग छात्रा से की अश्लील हरकत, गिरफ्तार

विज्ञापन
Nikhil Anurag

लेखक के बारे में

By Nikhil Anurag

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन