आरा में युवक की संदिग्ध मौत, परिजनों ने दोस्त पर लगाया नशीली चीज खिलाने का आरोप

रोते-बिलखते परिजन | Prabhat Khabar Network
आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया. परिजनों ने उसके दोस्त पर नशीला पदार्थ खिलाने का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका जताई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
आरा शहर के नवादा थाना क्षेत्र के प्राइवेट बस स्टैंड में शुक्रवार की शाम संदेहास्पद स्थिति में एक युवक की मौत हो गई. घटना को लेकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मची रही. परिजनों द्वारा उसके दोस्त पर ही नशीली चीज खिलाने के कारण मौत होने की आशंका जताई जा रही है.
जानकारी के अनुसार मृतक नवादा थाना क्षेत्र के श्री टोला निवासी जोगिन्द्र पासवान का 29 वर्षीय पुत्र राजेश पासवान है. वह पेशे से मजदूर था.
दोस्त द्वारा घर से बुलाकर ले जाने की बात
इधर, मृतक के छोटे भाई चाहत कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह जब वह घर पर था, तब मोहल्ले का ही उसका दोस्त मुकेश कुमार घर पर आया और उससे बोला कि चलो काम पर चलना है. इसके बाद वह उसे घर से बुलाकर अपने साथ ले गया. उसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा.
अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने घोषित किया मृत
शाम में जब परिजन खोजबीन करने निकले, तो वह प्राइवेट बस स्टैंड में बेहोशी की हालत में पड़ा था. तब परिजन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने देखने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इसके पश्चात मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा उसके शव का पोस्टमार्टम कराया गया.
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
वहीं दूसरी तरफ मृतक के छोटे भाई चाहत कुमार ने उसके दोस्त मुकेश कुमार द्वारा नशीली चीज खिलाने के कारण अपने भाई की मौत होने की आशंका जताई है. बहरहाल, पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है.
बताया जाता है कि मृतक अपने दो भाइयों व दो बहनों में बड़ा था. उसके परिवार में पत्नी सीमा देवी व दो पुत्र रेहान, रौनक एवं एक पुत्री वन्या हैं. घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया. उसकी पत्नी सीमा देवी व परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
Also Read : डीडीयू रेल मंडल में ट्रैफिक विभाग के 44 रेलकर्मियों का तबादला, गया जंक्शन के कई अधिकारी भी बदले
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










