आरा में बारिश के बीच बन रही सड़क, नियमों की अनदेखी पर उठे सवाल, करोड़ों की बर्बादी का खतरा

आरा में लगातार बारिश के बावजूद सड़क निर्माण जारी है. यह न केवल नियमों की अनदेखी है, बल्कि करोड़ों के सरकारी पैसे की बर्बादी का खतरा भी पैदा कर रहा है. स्थानीय लोग नाराजगी जता रहे हैं और जवाब मांग रहे हैं.
Arrah News : आरा शहर में इन दिनों एक अजीब तस्वीर देखने को मिल रही है. जहां एक तरफ लगातार बारिश हो रही है, वहीं दूसरी तरफ उसी बीच सड़क निर्माण का काम तेजी से कराया जा रहा है. बमपाली से पुरानी पुलिस लाइन तक फोरलेन सड़क का निर्माण बरसात के दौरान जारी है, जिसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और हैरानी दोनों देखने को मिल रही है. लोगों का कहना है कि यह न सिर्फ नियमों की अनदेखी है, बल्कि सरकारी पैसे की बर्बादी भी साबित हो सकता है.
स्थानीय नागरिकों के मुताबिक, पथ निर्माण विभाग हर साल यही गलती दोहराता है. गर्मी और सर्दी के मौसम में काम ठप रहता है और जैसे ही बारिश शुरू होती है, सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है. इससे न तो काम की गुणवत्ता बनी रहती है और न ही सड़क लंबे समय तक टिक पाती है.
छह महीने बाद भी अधूरा काम, अब बारिश में तेजी
बताया जा रहा है कि इस सड़क परियोजना का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा करीब छह महीने पहले किया गया था. उस समय जिले की कई सड़कों का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया था. लेकिन इतने समय बीत जाने के बाद भी निर्माण कार्य में कोई खास प्रगति नहीं हुई.
लोगों का आरोप है कि जाड़ा और गर्मी के पूरे मौसम में विभाग ने कोई सक्रियता नहीं दिखाई. अब जब बारिश शुरू हो गई है, तब काम को तेजी से कराया जा रहा है. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर इस मौसम में काम शुरू करने की क्या मजबूरी है.
नियम के खिलाफ हो रहा निर्माण कार्य
जानकारों का कहना है कि बरसात के मौसम में सड़क निर्माण करना तकनीकी रूप से सही नहीं माना जाता. इस दौरान मिट्टी और सामग्री की पकड़ कमजोर रहती है, जिससे सड़क जल्दी खराब हो सकती है. यही कारण है कि आमतौर पर इस मौसम में ऐसे कार्यों पर रोक रहती है.
इसके बावजूद आरा में जिस तरह से सड़क निर्माण कराया जा रहा है, वह नियमों पर सवाल खड़ा करता है. लोगों का कहना है कि इस तरह के काम से सड़क के बनने के साथ ही टूटने का खतरा बना रहता है, जिससे लाखों रुपये की सरकारी राशि बर्बाद हो सकती है.
पिछले साल भी हुई थी ऐसी ही गलती
स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब ऐसा हो रहा है. पिछले साल भी चंदवा मोड़ से पुरानी पुलिस लाइन तक सड़क की पिचिंग बरसात के दौरान ही कराई गई थी. उस समय सड़क बनने के कुछ ही दिनों बाद उसकी परत उखड़कर जगह-जगह जमा हो गई थी.
इस कारण सड़क की हालत और खराब हो गई थी. कई जगहों पर वाहन फिसलने लगे थे और दुर्घटनाएं भी हुई थीं. लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था, लेकिन इसके बावजूद विभाग ने कोई सबक नहीं लिया.
लोगों में नाराजगी, जवाब की मांग
अब एक बार फिर वही स्थिति बनती देख नगरवासी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर बरसात में ही सड़क निर्माण क्यों कराया जा रहा है. जब नियमों में स्पष्ट रूप से इस पर रोक है, तो फिर विभाग किस आधार पर काम करा रहा है.
लोगों ने प्रशासन से इस मामले में हस्तक्षेप करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है. उनका कहना है कि अगर समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई, तो एक बार फिर सड़क खराब होगी और जनता को परेशानी झेलनी पड़ेगी.
फिलहाल यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. अब देखने वाली बात होगी कि विभाग इस पर क्या कदम उठाता है और क्या बारिश के बीच हो रहे इस निर्माण कार्य पर रोक लगती है या नहीं.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










