पटना-भभुआ इंटरसिटी में पंखे और चार्जिंग सॉकेट खराब, यात्रियों की बढ़ी परेशानी

Updated:
विज्ञापन

ट्रेन की सांकेतिक तस्वीर

Patna-Bhabua Intercity: पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस में इन दिनों यात्री सुविधाओं की स्थिति बदहाल है. कई कोचों में पंखे और चार्जिंग सॉकेट खराब होने से यात्रियों को गर्मी में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है. रैक शेयरिंग और पुराने आईसीएफ कोचों के कारण मेंटेनेंस में आ रही परेशानी.

विज्ञापन

Patna-Bhabua Intercity: पटना से भभुआ के बीच आरा जंक्शन होकर चलने वाली प्रमुख ट्रेन 13249/50 पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस में इन दिनों यात्री सुविधाओं की स्थिति बदहाल बनी हुई है. ट्रेन के कई कोचों में पंखे और चार्जिंग सॉकेट खराब होने की शिकायत सामने आ रही है. गर्मी के मौसम में पंखे खराब रहने से यात्रियों को परेशानी हो रही है, वहीं चार्जिंग पॉइंट काम नहीं करने से मोबाइल और अन्य जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज करना मुश्किल हो रहा है.

रोजाना बड़ी संख्या में यात्री करते हैं सफर

पटना-भभुआ इंटरसिटी से नौकरी, कारोबार, पढ़ाई और अन्य जरूरी कार्यों के लिए रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं. ऐसे में ट्रेन के कोच में पंखे, चार्जिंग सॉकेट और अन्य बुनियादी सुविधाएं यात्रियों के लिए काफी महत्वपूर्ण हैं.

यात्रियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से कोचों में विद्युत उपकरणों से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं. शिकायत के बावजूद अब तक इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

रैक शेयरिंग से मेंटेनेंस में आ रही परेशानी

बताया जाता है कि पटना-भभुआ इंटरसिटी का प्राइमरी मेंटेनेंस समस्तीपुर मंडल के समस्तीपुर कोचिंग डिपो में होता है. इसके बाद रैक शेयरिंग के तहत इन रैकों का परिचालन अन्य ट्रेनों के साथ भी किया जाता है. कुल पांच रैक अलग-अलग ट्रेनों के साथ संचालित होते हैं.

यात्रियों का आरोप है कि रैक शेयरिंग की वजह से कोचों में विद्युत उपकरणों की नियमित जांच और रखरखाव प्रभावित हो रहा है. इसका असर सीधे यात्री सुविधाओं पर पड़ रहा है.

10 से 15 साल पुराने आईसीएफ कोचों से चल रही ट्रेन

पूर्व मध्य रेल के क्षेत्राधिकार में चलने वाली इंटरसिटी ट्रेनों में पटना-भभुआ इंटरसिटी ऐसी प्रमुख ट्रेन है, जो अब भी करीब 10 से 15 वर्ष पुराने आईसीएफ कोचों के साथ संचालित हो रही है.

पुराने कोचों के कारण मेंटेनेंस से जुड़ी समस्याएं लगातार सामने आने की बात कही जा रही है. दैनिक यात्री अंकेश, रोहित और उत्कर्ष समेत अन्य यात्रियों ने बताया कि वे नियमित रूप से इस ट्रेन से सफर करते हैं. कई दिनों से पंखे, चार्जिंग सॉकेट और अन्य विद्युत उपकरणों की खराबी की शिकायत की जा रही है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ है.

एलएचबी कोच में बदलाव का प्रस्ताव लंबित

13249/50 पटना-भभुआ इंटरसिटी एक्सप्रेस के पुराने आईसीएफ रैक को आधुनिक एलएचबी रैक में बदलने का प्रस्ताव भी अब तक लंबित है. यात्रियों के अनुसार, आईसीएफ कोच में अधिक गति पर कई बार झटके महसूस होते हैं.

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए वित्तीय वर्ष 2025-26 में ट्रेन को एलएचबी रैक में बदलने का प्रस्ताव था, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया जा सका है. इससे ट्रेन के आधुनिकीकरण और बेहतर यात्री सुविधाओं का इंतजार लंबा होता जा रहा है.

इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी


विज्ञापन
दीपक कुमार गुप्ता

लेखक के बारे में

By दीपक कुमार गुप्ता

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन