आरा: NEET का रिजल्ट नहीं आया, तो घर छोड़ वृंदावन में साधु बन गया छात्र; एक साल बाद पुलिस ने खोज निकाला

वृंदावन में मिला छात्र सिद्धांत विशाल
बिहार के आरा से NEET परीक्षा देने के बाद लापता हुआ छात्र, एक साल बाद उत्तर प्रदेश के वृंदावन से साधु के वेश में मिला है. उसे पुलिस ने बरामद कर लिया है.
Arrah News : बिहार के आरा से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. नीट (NEET) परीक्षा देने के बाद घर से लापता हुआ छात्र सिद्धांत विशाल करीब एक साल बाद उत्तर प्रदेश के वृंदावन से बरामद हुआ है. पुलिस के अनुसार, वह वहां साधु का जीवन जी रहा था. हैरानी की बात यह है कि उसकी तलाश में वृंदावन गया उसका छोटा भाई भी साधु बन गया था. अब नगर थाना पुलिस सिद्धांत को वापस आरा ले आई है. सोमवार को कोर्ट में उसका बयान दर्ज कराया जाएगा.
Bhojpur News : टहलने के बहाने घर से निकला, फिर नहीं लौटा
सिद्धांत विशाल नगर थाना क्षेत्र के शीतल टोला निवासी कुमार विशाल का पुत्र है. वह राजस्थान के कोटा स्थित एक प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थान में रहकर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहा था. थानाध्यक्ष देवराज राय ने बताया कि पिछले वर्ष नीट परीक्षा देने के बाद रिजल्ट का इंतजार चल रहा था. इसी दौरान 14 जून की सुबह करीब चार बजे वह टहलने की बात कहकर घर से निकला और फिर वापस नहीं लौटा.
तीन दिन बाद दर्ज हुई गुमशुदगी
परिजनों ने पूरे स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद 17 जून को नगर थाना में गुमशुदगी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई. पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और विभिन्न स्रोतों के आधार पर उसकी तलाश शुरू की.
तलाश में गया छोटा भाई भी बन गया साधु
इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि सिद्धांत की तलाश में उसका छोटा भाई भी वृंदावन पहुंचा. वहां वह भी संतों के संपर्क में आया और साधु जीवन अपनाकर वहीं रहने लगा.
वृंदावन में साधु के साथ रह रहा था सिद्धांत
जांच के दौरान पुलिस को तकनीकी इनपुट और परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर पता चला कि सिद्धांत वृंदावन में एक संत के साथ रह रहा है. इसके बाद दारोगा परिणीती कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम वृंदावन पहुंची.
संत ने पहले सौंपने से किया इनकार
पुलिस के पहुंचने पर संबंधित संत ने पहले सिद्धांत को सौंपने से इनकार कर दिया. काफी समझाइश और कानूनी प्रक्रिया के बाद संत ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया. इसके बाद पुलिस उसे सुरक्षित आरा लेकर पहुंची.
सोमवार को कोर्ट में दर्ज होगा बयान
नगर थानाध्यक्ष देवराज राय ने बताया कि सोमवार को सिद्धांत विशाल का न्यायालय में बयान दर्ज कराया जाएगा. कोर्ट के निर्देश के अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की प्रक्रिया पूरी कर रही है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










