बड़हरा CHC में क्वालिटी सेल-रोगी कल्याण समिति की बैठक, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर जोर

Updated:
विज्ञापन
बड़हरा CHC में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार पर बैठक

बैठक में शामिल लोग.

बड़हरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में क्वालिटी सेल एवं रोगी कल्याण समिति की बैठकें आयोजित की गईं. बैठकों का मुख्य उद्देश्य मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना रहा.

विज्ञापन

भोजपुर जिले के बड़हरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी बड़हरा) के सभागार में गुरुवार को क्वालिटी सेल एवं रोगी कल्याण समिति की दो अलग-अलग बैठकें आयोजित की गई. बैठक का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना तथा स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा मरीजों एवं उनके परिजनों के प्रति संवेदनशील एवं सौहार्दपूर्ण व्यवहार सुनिश्चित करना रहा. क्वालिटी सेल की बैठक में अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की विस्तृत समीक्षा की गई.

इस दौरान उपचार व्यवस्था, अस्पताल परिसर की साफ सफाई, लेबर रूम की कार्यप्रणाली, दवाओं की उपलब्धता, सुरक्षा व्यवस्था तथा मरीजों को मिलने वाली अन्य सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करने तथा अस्पताल की गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने का निर्देश दिया गया. साथ ही मरीजों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने और सेवा में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने की भी हिदायत दी गई.

इसके साथ ही रोगी कल्याण समिति की बैठक प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सह सचिव, रोगी कल्याण समिति बड़हरा द्वारा आहूत की गई. बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अध्यक्ष, रोगी कल्याण समिति बड़हरा ने किया. बैठक में सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए समिति की नियमित बैठक आयोजित करने की औपचारिकता पूरी की गई. साथ ही अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं जनोपयोगी बनाने के लिए आवश्यक सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया.

बैठक के अंत में अस्पताल प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियो से टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण एवं सम्मानजनक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है. अस्पताल में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने पर विशेष बल दिया गया.

बैठक में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ.अरविंद कुमार, बीएचएम शिव शंकर कुमार, बीसीएम रंजीत सिंह, राहुल कुमार, पीएसआई के जिला प्रतिनिधि अजय कुमार, एफपीए (पीएसआई), लेबर रूम इंचार्ज, साफ-सफाई सुपरवाइजर, गार्ड सुपरवाइजर, फार्मासिस्ट विनोद कुमार, प्रधान लिपिक कमलेश कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे.


विज्ञापन
संतोष कुमार सिंह

लेखक के बारे में

By संतोष कुमार सिंह

संतोष कुमार सिंह 20 वर्षों से पत्रकारिता कर रहे हैं. प्रिंट, डिजिटल और प्रमुख मीडिया ऐप्स (न्यूज प्लेटफॉर्म्स) पर काम का अनुभव रखने वाले संतोष की राजनीति, अपराध और धर्म-संस्कृति की खबरों पर पैनी नजर रहती है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन