आरा : गड़हनी में पुलिस-अपराधी आमने-सामने, फायरिंग के बाद देसी पिस्टल संग दो गिरफ्तार

Updated:
विज्ञापन

Arrah News : भोजपुर के गड़हनी में अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से देसी पिस्टल और कारतूस बरामद हुए हैं. इलाके में अभी भी दो अन्य बदमाशों की तलाश जारी है.

विज्ञापन

Arrah News : भोजपुर के गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव खरईंचा गांव के बधार में अपराधियों के होने की सूचना पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी गई. अपराधियों की ओर से पुलिस पर करीब चार राउंड से अधिक फायरिंग की गई, जिसमें थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस कर्मी बाल-बाल बच गए. स्थिति को देखते हुए पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई. उसके बाद पुलिस द्वारा दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया. उनके पास से एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं. दोनों अपराधियों के मोबाइल भी जब्त कर लिए गए हैं. हालांकि, फायरिंग में किसी के जख्मी होने की सूचना नहीं है. फायरिंग की वारदात शुक्रवार की सुबह करीब दस बजे की है.

आपके शहर में

विज्ञापन

हथियार के साथ सूरज और पंकज गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अपराधियों में गड़हनी थाना क्षेत्र के अगिआंव गांव निवासी गजेंद्र सिंह के पुत्र सूरज उर्फ गेहुमन और उसी थाना क्षेत्र के लसाढ़ी गांव निवासी देवकांत सिंह के पुत्र पंकज कुमार शामिल हैं. सूरज उर्फ गेहुमन का पूर्व से भी आपराधिक इतिहास रहा है. वह गड़हनी और सहार थाना क्षेत्र में लूट की चार घटनाओं में आरोपित रहा है और जेल भी जा चुका है.

अपराधियों और पुलिस के बीच फायरिंग की सूचना से इलाके में सनसनी और अफरा-तफरी मची रही. जानकारी के अनुसार शुक्रवार की सुबह गड़हनी थाने की पुलिस को सूचना मिली कि खरईंचा गांव के बधार में चार की संख्या में अपराधी जमा हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की साजिश कर रहे हैं.

दो फरार बदमाशों की तलाश में छापेमारी जारी

वरीय अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष कमलजीत के नेतृत्व में पुलिस टीम अपराधियों की तलाश में तत्काल खरईंचा गांव के बधार में पहुंची. पुलिस को देखते ही अपराधियों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग की जाने लगी. पुलिस के काफी समझाने के बावजूद अपराधी फायरिंग करते रहे, जिसके बाद पुलिस की ओर से जवाबी कार्रवाई की गई.

उसी क्रम में पुलिस ने भाग रहे दो अपराधियों को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो बदमाश भागने में सफल रहे. पुलिस के अनुसार फरार दोनों अपराधियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है. इस मामले में गिरफ्तार सूरज उर्फ गेहुमन और पंकज कुमार सहित चारों अपराधियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं पुलिस टीम पर हमला करने की प्राथमिकी दर्ज की गई है.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन