आरा में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान ट्रेन की चपेट में आया युवक, मां-बाप के इकलौते चिराग की दर्दनाक मौत
मृतक का फाइल फोटो
Arrah News: दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर सिकरिया हाल्ट के समीप मंगलवार की देर शाम ट्रेन की चपेट में आने से शाहपुर के साहोडीह गांव निवासी 40 वर्षीय राजेंद्र राम की दर्दनाक मौत हो गई. वह गुजरात में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था और बाजार से सब्जी खरीदकर घर लौट रहा था. मृतक अपने मां-बाप का इकलौता बेटा था.
Arrah News: (मिथिलेश कुमार की रिपोर्ट) दानापुर-पीडीडीयू रेलखंड पर सिकरिया हाल्ट के पूरब साइड डाउन लाइन पर मंगलवार की देर शाम एक दर्दनाक रेल हादसा सामने आया है. यहाँ ट्रेन की चपेट में आने से एक 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे के बाद रेलवे ट्रैक के आसपास काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची रेल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की.
मृतक की पहचान भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत साहोडीह गांव निवासी अलगू राम के 40 वर्षीय पुत्र राजेंद्र राम के रूप में की गई है. वह गुजरात में रहकर एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था और घर आया हुआ था.
सब्जी खरीदकर घर लौटने के दौरान हुआ हादसा
घटना के संबंध में मृतक के परिजन हरेराम राम ने दूरभाष पर बताया कि मंगलवार की देर शाम राजेंद्र राम सब्जी खरीदने के लिए पास के बनाही बाजार गए हुए थे. बाजार से सब्जी खरीदकर जब वे पैदल वापस घर लौट रहे थे, उसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करने के क्रम में वे डाउन लाइन पर आ रही तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आ गए. टक्कर इतनी जोरदार थी कि घटनास्थल पर ही उनकी सांसें टूट गईं.
घटना के बाद रेल पुलिस ने शव की शिनाख्त कर मामले की जानकारी तुरंत मृतक के परिजनों को दी. जैसे ही घर पर राजेंद्र की मौत की खबर पहुंची, पूरे गांव में सन्नाटा पसर गया. रोते-बिलखते परिजन तुरंत रेल थाना पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए आरा सदर अस्पताल भेज दिया. बुधवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
मां-बाप का इकलौता चिराग था राजेंद्र, परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि राजेंद्र राम अपने तीन बहनों के बीच अकेले भाई थे और अपने बूढ़े मां-बाप के इकलौते चिराग थे. उनके असमय निधन से बूढ़े माता-पिता का सहारा छिन गया है. राजेंद्र अपने पीछे पत्नी सुनीता देवी, दो पुत्रियां अंजलि व पम्मी और एक छोटा बेटा सचिन छोड़ गए हैं. इस हृदयविदारक घटना के बाद से मृतक की पत्नी सुनीता देवी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव के लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं.
Also Read: खान सर की कोचिंग पर हमले का वीडियो देखिए, गार्ड से मारपीट, तोड़फोड़ और पोस्टर फाड़ते दिखे हमलावर
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By निखिल अनुराग
मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए





