आरा में बोलें पूर्व केन्द्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन: 12 वर्षों में बदली भारत की तस्वीर, दुनिया में बढ़ा देश का सम्मान

Updated:
विज्ञापन

पत्रकार वार्ता करते शाहनवाज हुसैन

Arrah News: आरा में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल में भारत ने आर्थिक, सामाजिक और वैश्विक स्तर पर उल्लेखनीय प्रगति की है. उन्होंने गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल भुगतान और विदेश नीति को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया.

विज्ञापन

Arrah News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता शाहनवाज हुसैन ने सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि इस अवधि में देश ने हर क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है और भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में तेजी से अपनी जगह बना रहा है.

परिसदन सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्रियों में शामिल हो चुके हैं. उनके नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अधिक मजबूत और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में उभरा है.

विकसित भारत की ओर बढ़ रहा देश

उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश आत्मनिर्भर भारत और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारत की विदेश नीति पहले की तुलना में अधिक प्रभावी और निर्णायक बनी है. रूस-यूक्रेन युद्ध और इजरायल-हमास संघर्ष जैसे अंतरराष्ट्रीय संकटों के दौरान भारतीय नागरिकों को सुरक्षित स्वदेश लाया गया.

वैश्विक मंचों पर बढ़ी भारत की ताकत

शाहनवाज हुसैन ने कहा कि आज वैश्विक मंचों पर भारत की बात गंभीरता से सुनी जाती है. डिजिटल भुगतान के क्षेत्र में भारत दुनिया का अग्रणी देश बन चुका है. विदेशी निवेश में रिकॉर्ड वृद्धि हुई है और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाओं ने लाखों युवाओं को रोजगार और उद्यमिता के अवसर उपलब्ध कराए हैं.

गरीब कल्याण की योजनाओं का मिला लाभ

उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्ष गरीब कल्याण को समर्पित रहे हैं. केंद्र सरकार ने 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन उपलब्ध कराया. जनधन योजना के तहत करोड़ों लोगों के बैंक खाते खोले गए. उज्ज्वला योजना के माध्यम से गरीब महिलाओं को गैस कनेक्शन दिया गया, जबकि आयुष्मान भारत योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया गया. प्रधानमंत्री आवास योजना से करोड़ों गरीब परिवारों को पक्का घर मिला है.

महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर

भाजपा नेता ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए भी मोदी सरकार ने कई ऐतिहासिक कदम उठाए हैं. नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया गया, मातृत्व लाभ योजनाओं का विस्तार किया गया तथा स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए विशेष योजनाएं चलाई गईं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है और आने वाले वर्षों में भारत और अधिक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र के रूप में उभरेगा.

Also Read: असम विमान हादसे में भोजपुर का लाल शहीद, अग्निवीर दानिश आलम अब तिरंगे में लिपटकर लौटेगा घर

विज्ञापन
निखिल अनुराग

लेखक के बारे में

By निखिल अनुराग

मूलतः निखिल अनुराग. पेशे से पत्रकार. बुद्ध की धरती पर जन्म. बिहार का सबसे नवीनतम जिला (अरवल) से ताल्लुक. पढ़ाई की शुरूआत गांव से ही. फिर गंगा के तट पटना पहुंचा. ज्ञान की धरती से कुछ तालीम हासिल कर राष्ट्रीय राजधानी की ओर कूच. पत्रकारिता में पोस्ट ग्रेजुएट. नोएडा की धरती पर विद्वतजन से कुछ न कुछ सीखा. करंट अफ़ेयर्स, राजनीति, खेल, अंतरराष्ट्रीय संबंध, गाँव, खेत-किसान पसंदीदा टॉपिक. स्कूल, कॉलेज युनिवर्सिटी में यूथ से गपशप करना एनर्जी का अतिरिक्त स्रोत. साल 2020 में नोएडा से शुरू हुई इस लेखन यात्रा कलम, डेस्कटॉप, लैपटॉप के की-बोर्ड से होते हुए स्मार्ट फोन तक पहुंच गयी. ज्यों-ज्यों उम्र बढ़ रही है, सीखने, पढ़ने, लिखने की भूख भी बढ़ रही है.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन