मकई खेत में महिला की गला रेतकर कर हत्या

बच्चे को दूध पिलाकर लौटी तो मिला शव
सौतन के साथ गयी थी घास काटने, बच्चे को दूध पिलाकर लौटी तो मिला शव अररिया. अररिया आरएस थाना क्षेत्र के कदवा गांव वार्ड संख्या 12 में गुरुवार को मकई के खेत में घास काटने गयी 25 वर्षीय हीना परवीन की गला रेतकर हत्या कर दी. खेत में खून से सना शव मिलते ही गांव में कोहराम मच गया. मृतका हीना परवीन कदवा गांव निवासी असलम की पत्नी है. परिजनों के अनुसार गुरुवार को हीना अपनी सौतन के साथ खेत में घास काटने गयी थी. थोड़ी देर बाद दो साल के बेटे के रोने की खबर पर वह घर लौटी, बच्चे को दूध पिलाया और फिर खेत चली गयी. इस बीच सौतन वहां से निकल गयी. एक घंटे तक हीना के वापस नहीं आने पर परिजन खेत पहुंचे तो वहां उसका गला रेता हुआ शव पड़ा मिला. घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गयी व देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गये. सूचना मिलते ही आरएस थानाध्यक्ष अंकुर कुमार दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. बाद में एसडीपीओ सुशील कुमार व एफएसएल की टीम ने भी मौके का मुआयना किया. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. एसडीपीओ सुशील कुमार ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला गला रेतकर हत्या का लग रहा है. पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आयेगी. सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है. रोते बिलखते हुए मृतका के पिता अब्दुल ने बताया कि बेटी सुबह घास काटने गयी थी. बच्चा रोया तो घर आकर उसने दूध पिलाया व फिर खेत चली गयी. थोड़ी देर बाद उसका शव मिला. हमें पूरे मामले में इंसाफ चाहिए.
सौतन सहित कई परिजनों से पूछताछ
फिलहाल पुलिस मृतका के सौतन सहित आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. हत्या के पीछे की वजह अब तक साफ नहीं हो पायी है. गांव में तनाव का माहौल है व पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी.प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By प्रफुल्ल भारती
प्रफुल्ल भारती प्रिंट माध्यम में 16 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










