इलाज कराने जा रहे पिता की सड़क हादसे में मौत, बेटा घायल

सदर अस्पताल में शव के पास रोते बिलखते परिजन
अररिया जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया. बैरगाछी चेक पोस्ट के पास तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. स्थानीय लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां पिता को मृत घोषित कर दिया गया.
अररिया जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में इलाज कराने जा रहे एक पिता की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया. घटना बैरगाछी चेक पोस्ट के पास हुई, जहां तेज रफ्तार बाइक ने उनकी बाइक में साइड से टक्कर मार दी. हादसे के बाद घायल पिता-पुत्र को स्थानीय लोगों की मदद से सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पिता को मृत घोषित कर दिया.
मृतक की पहचान महलगांव थाना क्षेत्र के चौकता गांव निवासी नबी हसन के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार वह अपने बीमार पुत्र को बाइक से इलाज के लिए अररिया लेकर जा रहे थे. इसी दौरान बैरगाछी चेक पोस्ट के समीप दूसरी बाइक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
घायल बेटे का इलाज जारी
स्थानीय लोगों ने दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया. जांच के बाद डॉक्टरों ने नबी हसन को मृत घोषित कर दिया, जबकि उनके पुत्र का इलाज जारी है. घटना की सूचना मिलते ही यातायात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है.
मुआवजे और बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही चौकता पंचायत के मुखिया रजी अहमद सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार से मुलाकात की. उन्होंने कहा कि बैरगाछी से जीरो माइल तक ट्रैफिक व्यवस्था बदहाल है, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. उन्होंने प्रशासन से यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और मृतक के परिजनों को सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.
पूर्व मुखिया सालिक अनवर ने भी अस्पताल पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी. उन्होंने कहा कि नबी हसन मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे. ऐसे परिवारों को सरकार की ओर से तत्काल आर्थिक सहायता और अन्य योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए.
घटना के बाद चौकता गांव में शोक का माहौल है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By राहुल सिंह
राहुल सिंह प्रिंट माध्यम में 10 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










