बेटे को बचाने में मां ने गंवाई जान, डायवर्सन में डूबने से मौत

शव के समीप रोते बिलखते परिजन
बिहार के पलासी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बेटे को नदी के तेज बहाव में बहने से बचाने के प्रयास में एक मां ने अपनी जान गंवा दी. घटना के बाद ग्रामीण संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं.
अररिया : पलासी प्रखंड के मजलिसपुर पंचायत अंतर्गत चंडीपुर गांव में पुल निर्माण स्थल पर बने डायवर्सन में डूबने से 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई. मृतका की पहचान चंडीपुर पासवान टोला निवासी संतोष पासवान की पत्नी नूतन देवी के रूप में हुई है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा है.
बेटे को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पलासी-सोहन्द्रर मार्ग स्थित चांदनी चौक के पास सुरकिया धार पर पुल निर्माण का कार्य चल रहा है. बारिश के कारण डायवर्सन पर पानी का बहाव तेज था. सोमवार शाम करीब पांच बजे नूतन देवी अपने 10 वर्षीय बेटे आशिक कुमार और गांव की अन्य महिलाओं के साथ वहां स्नान कर रही थीं. इसी दौरान आशिक तेज बहाव में बहने लगा. बेटे को बचाने के लिए नूतन देवी तुरंत पानी में कूद गईं, लेकिन खुद गहरे पानी में चली गईं.
शोर सुनकर मौके पर मौजूद रौशन पासवान और दिनेश पासवान ने पानी में छलांग लगाई. करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद महिला को बाहर निकाला गया, लेकिन स्थानीय चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना पर पहुंची पलासी थाना पुलिस ने मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया.
संवेदक पर लापरवाही का आरोप, मुआवजे की मांग
मृतका के पति संतोष पासवान रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहते हैं. उनके परिवार में 10 वर्षीय पुत्र आशिक और 8 वर्षीय पुत्री सोनी हैं. मां की मौत के बाद दोनों बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है.
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुल निर्माण कार्य करा रहे संवेदक पर लापरवाही का आरोप लगाया. ग्रामीणों का कहना है कि खानापूर्ति के लिए घटिया डायवर्सन बनाया गया था और जेसीबी से पानी काटने के कारण हादसा हुआ. जालेश्वर पासवान, नागेश्वर पासवान, दिनेश पासवान, साहेब लाल पासवान और रौशन पासवान सहित ग्रामीणों ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Prabhat Khabar News Desk
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










