SHG की बचत से कारोबार तक, अब आशकारा बेगम की अपनी दुकान : जानें पूरी कहानी

Updated:
विज्ञापन

सांकेतिक तस्वीर

अररिया के गैयारी पंचायत में जीविका दीदी आशकारा बेगम ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत अपना 'जीविका सुधा बिक्री केंद्र' खोला है. यह पहल ग्रामीण महिला उद्यमिता को नई मजबूती देगी और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराएगी.

विज्ञापन

अररिया : अररिया प्रखंड के गैयारी पंचायत में ग्रामीण महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में नई पहल हुई है. यहां जीविका सुधा बिक्री केंद्र की शुरुआत की गयी. जिलाधिकारी विनोद दूहन ने केंद्र का उद्घाटन किया. केंद्र का संचालन जीविका दीदी आशकारा बेगम करेंगी. मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत मिले लाभ के बाद शुरू किये गये इस केंद्र से स्थानीय स्तर पर उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा मिलने और महिला उद्यमिता को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

आपके शहर में

विज्ञापन

महिला रोजगार योजना से कारोबार को मिला सहारा

उद्घाटन कार्यक्रम में डीएम विनोद दूहन ने कहा कि जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का लगातार प्रयास किया जा रहा है. महिलाओं को ऋण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देकर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना महिलाओं को नया व्यवसाय शुरू करने के साथ मौजूदा कारोबार को विस्तार देने में भी मदद कर रही है. जीविका सुधा बिक्री केंद्र से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा और महिला उद्यमियों को अपने कारोबार को आगे बढ़ाने का बेहतर अवसर मिलेगा.

2019 में स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं आशकारा

जीविका के जिला प्रबंधक के अनुसार आशकारा बेगम वर्ष 2019 में सीआरपी दीदी के माध्यम से स्वयं सहायता समूह ‘एहसान’ से जुड़ी थीं. समूह से जुड़ने के बाद उन्होंने नियमित बचत, ऋण प्रबंधन और वित्तीय प्रबंधन की जानकारी हासिल की.

इसके बाद समूह से प्राप्त ऋण का इस्तेमाल उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में किया. कारोबार के संचालन और लगातार प्रगति को देखते हुए उनका चयन जीविका सुधा बिक्री केंद्र के लिए किया गया.

कारोबार से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ीं

आशकारा बेगम का ग्राम संगठन ‘मौसम’ और संकुल संघ ‘दीप जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड’ है. स्वयं सहायता समूह से शुरू हुआ उनका सफर अब अपने बिक्री केंद्र तक पहुंच चुका है.

यह केंद्र न केवल आशकारा बेगम के लिए रोजगार और आय का जरिया बनेगा, बल्कि स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में भी मदद करेगा.

कार्यक्रम में जिला गव्य विकास पदाधिकारी, जिला प्रबंधक जीविका, कंफेड के पदाधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे.


विज्ञापन

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन