जोकीहाट विधानसभा सीट : एकतरफा मुकाबला, राजद के शाहनवाज ने जदयू के मुर्शीद को दी मात

Updated at : 01 Jun 2018 8:18 AM (IST)
विज्ञापन
जोकीहाट विधानसभा सीट : एकतरफा मुकाबला, राजद के शाहनवाज ने जदयू के मुर्शीद को दी मात

अररिया/पटना : जोकीहाट विधानसभा सीट राजद ने जदयू से छीन ली है. गुरुवार को अररिया बाजार समिति परिसर में हुई मतों की गिनती में राजद प्रत्याशी शाहनवाज आलम ने जदयू प्रत्याशी मुर्शीद आलम को 41 हजार से अधिक मतों से हरा दिया. इस प्रकार जोकीहाट में दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन के परिवार का दबदबा […]

विज्ञापन

अररिया/पटना : जोकीहाट विधानसभा सीट राजद ने जदयू से छीन ली है. गुरुवार को अररिया बाजार समिति परिसर में हुई मतों की गिनती में राजद प्रत्याशी शाहनवाज आलम ने जदयू प्रत्याशी मुर्शीद आलम को 41 हजार से अधिक मतों से हरा दिया. इस प्रकार जोकीहाट में दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री तस्लीमुद्दीन के परिवार का दबदबा कायम रहा. हालांकि, अररिया लोकसभा उपचुनाव की तुलना में इस बार जीत का अंतर करीब आधा घट गया है.

इस साल मार्च में हुए अररिया लोकसभा उपचुनाव में राजद प्रत्याशी सरफराज आलम को जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र में 81,248 वोटों की बढ़त मिली थी. शाहनवाज आलम तस्लीमुद्दीन के बेटे और अररिया के राजद सांसद सरफराज आलम के छोटे भाई हैं.

यह सीट अररिया लोकसभा उपचुनाव के ठीक पहले सरफराज के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी. 2015 में सरफराज जोकीहाट विधानसभा सीट से जदयू के टिकट पर चुने गये थे. 2005 से इस सीट पर जदयू का कब्जा था.

आधिकारिक घोषणा के अनुसार शाहनवाज अालम को कुल 81,240 मत मिले, जबकि जदयू के मुर्शीद आलम को 40,015 मत ही मिले. इस प्रकार राजद प्रत्याशी शाहनवाज ने 41,225 मतों से जीत हासिल की.

निर्वाची पदाधिकारी सह एडीएम आमोद कुमार शरण ने निर्वाचित होने की आधिकारिक घोषणा करते हुए शाहनवाज को प्रमाणपत्र दिया. मौके पर चुनाव प्रेक्षक जे मुरली, डीएम हिमांशु शर्मा, एसपी धूरत शायली, डीडीसी रंजीता आदि मौजूद थीं.

सुबह निर्धारित समय आठ बजे से मतों की गिनती शुरू हुई. पांचवें चक्र की गिनती तक जदयू प्रत्याशी लगातार बढ़त बनाये रहे. छठे चक्र में राजद प्रत्याशी को बढ़त मिली, लेकिन सातवें चक्र में एक बार फिर जदयू प्रत्याशी को थोड़ी-सी बढ़त मिली.लेकिन इसके बाद से राजद की लगातार बढ़त जारी रही. कुल 24 चक्रों में मतों की गिनती पूरी हुई.

इस दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किये गये थे. सुरक्षा में न केवल बिहार पुलिस के जवान व अधिकारी, बल्कि अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को भी लगाया गया था.

नगर थानाध्यक्ष आरके चौधरी के साथ-साथ जिले के कई थानाध्यक्षों को चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में लगाया गया था. इसके अलावा डीएम व एसपी लगातार सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिंग करते देखे गये. सुरक्षा व्यवस्था की कमान स्वयं एसडीओ प्रशांत कुमार सीएच व एसडीपीओ केडी सिंह संभाल रखे थे.

इधर चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही राजद समर्थक मतगणना परिसर के बाहर जमा हुए और गाजे-बाजे के साथ विजयी प्रत्याशी को साथ ले गये. चुनाव समाप्त होने पर डीएम हिमांशु शर्मा ने सभी अधिकारियों व कर्मियों के सहयोग के प्रति आभार जताया. शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न होने पर उन्होंने जिलावासियों को भी साधुवाद दिया.

इन्हें मिले इतने वोट

मुर्शिद आलम जदयू 40015

शाहनवाज राजद 81240

गौशुल आजम, जाप 5314

जावेद आलम 1298

प्रसेनजीत कृष्ण 458

मो मसरूर आलम 737

मो मोबिनुल हक 584

मो इरफान 2229

मो शब्बीर आलम 11176

नोटा 2673

कुल वोट 14,5744

इस सीट पर 15 चुनाव हुए, 10 बार तस्लीमुद्दीन परिवार का कब्जा

जोकीहाट विधानसभा क्षेत्र का गठन 1969 में हुआ था. तब से अब तक यहां 15 बार चुनाव हुए, जिनमें 10 बार तस्लीमुद्दीन परिवार का कब्जा रहा. पांच बार खुद मो. तस्लीमुद्दीन विधायक चुने गये थे, जबकि चार बार उनके बड़े बेटे सरफराज ने भी जीत दर्ज की थी. अब उनके छोटे बेटे शाहनवाज ने यहां से जीत हासिल की है.

लालूवाद की हुई जीत

जोकीहाट में लालूवाद की जीत हुई है और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के चेहरे की हार हुई है. राज्य में हुए लगातार तीन उपचुनावों में एनडीए की हार हुई है. ऐसे में सीएम को नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Tags

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन