हाजत में बंदी की मौत पर फूटा गुस्सा, विधायक व थानेदार को पीटा

Updated at :10 Jan 2014 11:04 PM
विज्ञापन
हाजत में बंदी की मौत पर फूटा गुस्सा, विधायक व थानेदार को पीटा

जहानाबाद. शकुराबाद थाने की हाजत में बंद वृद्ध की मौत के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने शुक्रवार को थानेदार, दारोगा और स्थानीय विधायक अभिराम शर्मा की पिटाई की और थाने में जब्त कर रखे गये एक मारुति वैन को फूंक दिया. थानेदार ने सदर अस्पताल के शौचालय में छिप कर किसी तरह अपनी जान बचायी. मृत […]

विज्ञापन

जहानाबाद.

शकुराबाद थाने की हाजत में बंद वृद्ध की मौत के बाद गुस्साये ग्रामीणों ने शुक्रवार को थानेदार, दारोगा और स्थानीय विधायक अभिराम शर्मा की पिटाई की और थाने में जब्त कर रखे गये एक मारुति वैन को फूंक दिया. थानेदार ने सदर अस्पताल के शौचालय में छिप कर किसी तरह अपनी जान बचायी. मृत वृद्ध के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर आरोप लगाया है कि अमानवीय तरीके से पिटाई के कारण मौत हुई है.जानकारी के अनुसार, शकुराबाद पुलिस ने गुरुवार की रात गगनकुरा गांव से बिजली चोरी के आरोपित 70 वर्षीय देवकी चौधरी को गिरफ्तार कर हाजत में बंद कर दिया. वह आंशिक रूप से विकलांग था. परिजनों व ग्रामीणों का आरोप है कि गुरुवार की शाम सात बजे हाजत से बाहर निकाल कर पुलिस ने उससे पैसे की मांग की गयी. बात नहीं बनने पर दारोगा ने उसकी पिटाई कर दी और फिर उसे हाजत में बंद कर दिया. जब जब देर रात तबीयत बिगड़ने लगी, तो पुलिसवाले फिर उसके घर गगनकुरा पहुंचे और वहां से उसके 12 वर्षीय नाती लोहरी चौधरी को पकड़ कर थाना ले आयी. उस समय उसने देखा कि उसके नाना बेसुध पड़े हैं. पुलिसवाले पहले उसे पीएचसी ले गये. फिर उसे सदर अस्पताल ले आये, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
देवकी चौधरी की मौत की खबर परिजनों तक पहुंची. इसके बाद आसपास के गांवों के लोग धीरे-धीरे जुटते चले गये. महिलाओं ने शकुराबाद के थानेदार विजय कुमार की चप्पलों से जम कर पिटाई कर दी. थानेदार ने डॉक्टर कक्ष के शौचालय में बंद होकर अपनी जान बचायी. फिर मौक ा देख कर अस्पताल के पीछे से थानेदार भागने लगे और लोगों का हुजूम पीछे-पीछे उसे खदेड़ता रहा. अस्पताल मोड़ के पास आक्रोशितों को समझाने पहुंचे शकुराबाद थाने के दारोगा अवधेश कुमार पर भी इन लोगों ने जूते -चप्पलों की बरसात कर दी. स्थिति भांप कर जदयू विधायक अभिराम शर्मा और जदयू के जिलाध्यक्ष भी दल-बल के साथ अस्पताल पहुंचे. ये लोग मृतक के परिजनों को सांत्वना देने के बजाय पुलिसवालों की ही तरफदारी करने लगे, जिससे माहौल फिर बिगड़ गया और आक्रोशितों ने विधायक व जदयू के जिलाध्यक्ष की भी पिटाई कर दी. जूतम-पैजार होता देख विधायक ने वहां से खिसकने में ही अपनी भलाई समझी. वह सर्किट हाउस चले गये. फिर एसपी मनोरंजन कुमार और एएसपी समेत प्रशासन के कई अधिकारी अस्पताल पहुंच कर पीड़ित परिवारों को समझाया और दोषियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन