भरत तिवारी एनकाउंटर में आया नया मोड़, 24 जून को महापंचायत, 10 हजार से ज्यादा लोग बिहार-यूपी से जुटेंगे
भरत तिवारी की तस्वीर
Bharat Tiwari Encounter : भरत तिवारी एनकाउंटर के बाद बिहार और यूपी में न्याय की मांग तेज हो गई है. 24 जून को भोजपुर के बिलौटी गांव में बड़ी महापंचायत आयोजित होगी इसमें 10 हजार से अधिक लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है. महापंचायत में आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा तय होगी.
Bharat Tiwari Encounter : (मिथिलेश्वर प्रसाद सिन्हा) भोजपुर जिले के भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में अब नया मोड़ आ गया है. भरत तिवारी को न्याय दिलाने की मांग लगातार तेज होती जा रही है. अब यह मामला सिर्फ बिहार तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी लोग खुलकर न्याय की मांग कर रहे हैं. इस बढ़ते जनसमर्थन के बीच भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में 24 जून को सर्व समाज की एक बड़ी महापंचायत आयोजित की जाएगी.
जानकारी के अनुसार, इस महापंचायत में बिहार और यूपी से 10 हजार से ज्यादा लोगों के जुटने की संभावना जताई जा रही है.
36 बिरादरियों के लोग होंगे एकजुट
इस महापंचायत में क्षेत्र की 36 बिरादरियों के लोगों के साथ साथ समाज के प्रबुद्ध वर्ग को शामिल होने का आह्वान किया गया है. आयोजन को लेकर इलाके में चर्चा तेज हो गई है और इसे एक अहम सामाजिक पहल के रूप में देखा जा रहा है.

कुंडवा शिव मंदिर परिसर में होगा आयोजन
आयोजकों द्वारा जारी जानकारी के अनुसार यह महापंचायत 24 जून को दोपहर 12 बजे से बिलौटी स्थित प्राचीन कुंडवा शिव मंदिर परिसर में आयोजित होगी. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भरत तिवारी मामले में न्याय की मांग को लेकर समाज को एकजुट करना और आगे की रणनीति तय करना है. मंदिर परिसर को आयोजन के लिए तैयार किया जा रहा है.
महापंचायत को सफल बनाने के लिए आयोजकों ने क्षेत्र की सभी बिरादरियों से भागीदारी की अपील की है. पोस्टर के माध्यम से लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की जा रही है. आयोजकों का कहना है कि इस मंच के जरिए समाज की एकजुटता दिखाई जाएगी और न्याय की आवाज को मजबूती मिलेगी.

घटना के बाद बढ़ी सियासी और सामाजिक हलचल
गौरतलब है कि 17 जून को पुलिस एनकाउंटर में भरत तिवारी की मौत हो गई थी, जिसके बाद से पूरे क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है. इस घटना को लेकर कई सवाल उठाए जा रहे हैं और विभिन्न राजनीतिक दलों तथा सामाजिक संगठनों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है. पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग लगातार उठ रही है.
आगे की रणनीति पर होगी चर्चा
आयोजकों का कहना है कि महापंचायत में सिर्फ विरोध ही नहीं बल्कि आगे की रणनीति पर भी विचार किया जाएगा. इसमें सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है. इस आयोजन को लेकर प्रशासन भी सतर्क नजर आ रहा है.
निकाला गया था कैंडल मार्च
भरत भूषण तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार के अलग आलग जिलों में विशाल कैंडल मार्च निकला गया. निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग को लेकर सैकड़ों लोग सड़क पर आय गए. पटना, औरंगाबाद, बेगूसराय समेत अन्य जिलों में कैंडल मार्च निकला गया.

मां ने बताई भरत की अंतिम इच्छा
भरत तिवारी की मां ने उसकी अंतिम इच्छा भी बताई. आशा देवी ने बताया कि भरत चाहता था कि जवाइनिया में कटाव से प्रभावित बिलौटी में बस रहे लोगों की जमीन को मिट्टी भरकर ऊंचा कराया जाए और वहां मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराईं जाएं. उसका मानना था कि कई नेताओं ने लोगों से वादे तो किए, लेकिन उन्हें पूरा नहीं किया. मां ने यह भी कहा कि भरत चाहता था कि चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को पूरा न करने वाले नेताओं की जवाबदेही तय हो.
24 जून को होने वाली यह महापंचायत शाहपुर और आसपास के इलाकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है. यह देखना अहम होगा कि इस आयोजन के बाद भरत तिवारी मामले में क्या नई दिशा निकलती है और न्याय की मांग किस तरह आगे बढ़ती है.
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Ragini Sharma
मैं रागिनी शर्मा वर्तमान में पटना स्थित प्रभात खबर डिजिटल की टीम के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हूं. यहां मैं बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़ी अहम खबरों, राजनीतिक-सामाजिक मुद्दों और ट्रेंडिंग विषयों पर काम कर रही हूं. मेरा उद्देश्य हर खबर को सरल, सटीक और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करना है, ताकि पाठक न सिर्फ जानकारी प्राप्त करें बल्कि उससे जुड़ाव भी महसूस करें और डिजिटल पत्रकारिता को और अधिक सार्थक बनाया जा सके. पत्रकारिता की पढ़ाई के दौरान ही मैंने प्रिंट और डिजिटल मीडिया की बारीकियों को समझना शुरू कर दिया था. अपने कॉलेज के समय में हिंदुस्तान के साथ इंटर्नशिप के दौरान मुझे पहली बार वेब पोर्टल पर खबर लिखने और डिजिटल न्यूज राइटिंग का व्यावहारिक अनुभव मिला. इसी दौरान मैंने न्यूज़ लेखन, हेडलाइन स्ट्रक्चर और डिजिटल स्टोरी प्रेजेंटेशन की बुनियादी समझ विकसित की. इसके बाद वर्ष 2025 में पत्रकारिता में ग्रेजुएशन पूरा करने के साथ ही मैंने अपने प्रोफेशनल करियर की शुरुआत की. डिजिटल मीडिया में मेरी पहली भूमिका फर्स्ट बिहार झारखंड के साथ रही, जहाँ मैंने एंकरिंग और ग्राउंड रिपोर्टिंग के माध्यम से बिहार के जमीनी मुद्दों को कवर किया. इस दौरान मैंने राज्य की राजनीति, सामाजिक सरोकारों और आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सक्रिय रूप से रिपोर्टिंग की.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










