WTC 2025-27: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच टेस्ट, जानें तारीख और वेन्यू
भारत और ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान (एक्स)
India vs Australia Test Series 2027: जनवरी 2027 में भारत दौरे पर आएगी ऑस्ट्रेलिया की टीम. 5 टेस्ट मैचों की इस महत्वपूर्ण सीरीज के वेन्यू और तारीखें जानें.
India vs Australia Test Series 2027: ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम जनवरी 2027 में पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारत का दौरा करेगी. दोनों टीमों के बीच होने वाली यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है. भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच इस सीरीज में कुल पांच टेस्ट मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका आयोजन नागपुर, चेन्नई, गुवाहाटी, रांची और अहमदाबाद में होगा. ऑस्ट्रेलिया के भारत दौरे की शुरुआत 21 जनवरी 2027 को नागपुर से होगी. इसके बाद दूसरा टेस्ट चेन्नई, तीसरा गुवाहाटी, चौथा रांची और पांचवां टेस्ट अहमदाबाद में खेला जाएगा. इस तरह करीब डेढ़ महीने तक चलने वाली यह टेस्ट सीरीज भारतीय क्रिकेट प्रशंसकों के लिए खास होने वाली है. फिलहाल टीम इंडिया श्रीलंका के दौरे पर है, जहां उसे दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है. सीरीज का पहला टेस्ट 15 अगस्त से गाले में और दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से सिंहली स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड पर खेला जाएगा. इसके बाद भारतीय टीम का अगला बड़ा टेस्ट असाइनमेंट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू मैदान पर होगा.
नागपुर में होगा सीरीज का पहला टेस्ट
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 21 जनवरी 2027 से नागपुर के विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेला जाएगा. नागपुर का मैदान भारतीय टीम के लिए अब तक काफी अच्छा साबित हुआ है. यहां भारत ने कुल सात टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें टीम को पांच मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि सिर्फ एक मैच में हार का सामना करना पड़ा है. ऐसे में भारतीय टीम इस मैदान पर घरेलू परिस्थितियों का फायदा उठाकर सीरीज की शुरुआत जीत के साथ करना चाहेगी. ऑस्ट्रेलिया के लिए नागपुर में चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि भारतीय टीम को यहां की परिस्थितियों और पिच के मिजाज का बेहतर अनुभव है. सीरीज के पहले ही मुकाबले से स्पिन गेंदबाजों और भारतीय बल्लेबाजों पर खास नजर रहेगी.
चेन्नई में खेला जाएगा दूसरा टेस्ट
सीरीज का दूसरा मुकाबला 29 जनवरी से 2 फरवरी 2027 के बीच चेन्नई के ऐतिहासिक एम ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा. चेन्नई का मैदान भारतीय क्रिकेट के सबसे पुराने और ऐतिहासिक टेस्ट केंद्रों में शामिल है. भारत ने इस मैदान पर अब तक 35 टेस्ट मैच खेले हैं. इनमें टीम इंडिया को 16 मुकाबलों में जीत मिली है, जबकि सात मैचों में हार का सामना करना पड़ा है. चेन्नई की परिस्थितियां भी टेस्ट क्रिकेट में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. गर्म और उमस भरे मौसम के साथ पिच के बदलते मिजाज के कारण यहां बल्लेबाजों और स्पिन गेंदबाजों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है.
गुवाहाटी में होगा सीरीज का तीसरा टेस्ट
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरा टेस्ट 11 से 15 फरवरी 2027 के बीच गुवाहाटी के डॉ. भूपेन हजारिका क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. गुवाहाटी का यह मैदान टेस्ट क्रिकेट के लिहाज से काफी नया है. यहां भारत ने अब तक एक टेस्ट मैच खेला है, जो पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ हुआ था. उस मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में भारतीय टीम के सामने इस मैदान पर बेहतर प्रदर्शन करने की चुनौती होगी. पांच मैचों की लंबी सीरीज में इस मुकाबले तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों पर दबाव भी बढ़ चुका होगा, ऐसे में तीसरा टेस्ट सीरीज का निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है.
रांची में चौथे टेस्ट का आयोजन
सीरीज का चौथा टेस्ट 19 से 23 फरवरी 2027 के बीच रांची के झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा. रांची को भारतीय क्रिकेट में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के शहर के तौर पर भी जाना जाता है. यहां भारतीय टीम का टेस्ट रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है. भारत ने इस मैदान पर तीन टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें दो में जीत दर्ज की है, जबकि एक मुकाबला ड्रॉ रहा है. खास बात यह है कि भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रांची में खेला गया टेस्ट भी ड्रॉ रहा था. ऐसे में सीरीज के चौथे मुकाबले में दोनों टीमों के लिए मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण होगा. अगर सीरीज यहां तक आते-आते करीबी बनी रहती है, तो रांची टेस्ट के नतीजे का सीरीज पर बड़ा असर पड़ सकता है.
अहमदाबाद में होगा पांचवां और आखिरी टेस्ट
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला 27 फरवरी से 3 मार्च 2027 के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. दुनिया के सबसे बड़े क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारतीय टीम का टेस्ट रिकॉर्ड अब तक मिला-जुला रहा है. भारत ने यहां कुल 16 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें चार में जीत और दो में हार मिली है, जबकि 10 मुकाबले ड्रॉ रहे हैं. सीरीज का आखिरी मुकाबला इसलिए भी खास होगा क्योंकि पांच मैचों की सीरीज का परिणाम इसी मैच में तय हो सकता है. यदि दोनों टीमें शुरुआती चार मैचों के बाद बराबरी पर रहती हैं, तो अहमदाबाद टेस्ट निर्णायक मुकाबला बन सकता है.
WTC 2025-27 के लिहाज से अहम सीरीज
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच यह पांच टेस्ट मैचों की सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 चक्र में दोनों टीमों के लिए महत्वपूर्ण अंक लेकर आएगी. टेस्ट क्रिकेट में डब्ल्यूटीसी के अंक तालिका में हर जीत और हार का सीधा असर पड़ता है, इसलिए दोनों टीमें इस सीरीज में मजबूत तैयारी के साथ उतरना चाहेंगी. घरेलू परिस्थितियों का फायदा भारत के पक्ष में रहेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम भारत में अपनी पिछली टेस्ट चुनौतियों से सीख लेकर मैदान पर उतरेगी. पांच अलग-अलग शहरों में होने वाली यह सीरीज भारतीय क्रिकेट कैलेंडर के सबसे बड़े टेस्ट आयोजनों में शामिल होगी.
भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट सीरीज 2027 का पूरा शेड्यूल
| टेस्ट | तारीख | स्थान |
| पहला टेस्ट | 21 से 25 जनवरी 2027 | विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम, नागपुर |
| दूसरा टेस्ट | 29 जनवरी से 2 फरवरी 2027 | एम ए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई |
| तीसरा टेस्ट | 11 से 15 फरवरी 2027 | डॉ. भूपेन हजारिका क्रिकेट स्टेडियम, गुवाहाटी |
| चौथा टेस्ट | 19 से 23 फरवरी 2027 | जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम, रांची |
| पांचवां टेस्ट | 27 फरवरी से 3 मार्च 2027 | नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद |
इसे भी पढ़े- लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से चल रहा था इलाज
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में
By ऋतु राज
ऋतुराज प्रभात खबर डिजिटल में स्पोर्ट्स कंटेंट राइटर हैं. लीची की नगरी मुजफ्फरपुर (बिहार) से ताल्लुक रखने वाले ऋतुराज के पास डिजिटल खेल पत्रकारिता में 1 साल का गहरा अनुभव है. उन्होंने एशिया के प्रतिष्ठित माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय (MCU) से साल 2025 में मीडिया रिसर्च में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है. खेल की हर छोटी-बड़ी और वायरल होती खबरों पर पैनी नजर रखना उनकी खासियत है. उनका मुख्य लक्ष्य प्रभात खबर के पाठकों तक खेल जगत की हर सटीक और विश्लेषण से भरी खबर सबसे पहले पहुंचाना है. पढ़ने और क्रिकेट खेलने के शौकीन ऋतुराज खेल को सिर्फ कवर नहीं करते, बल्कि उसकी बारीकियों को जीते हैं.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए










