IND vs SL: हमारा गिल किसी जोंटी रोड्स से कम है क्या! कुलदीप की गेंद पर शुभमन ने लपका शानदार कैच, मेंडिस को भेजा पवेलियन

Updated:
विज्ञापन

शुभमन गिल (फोटो—एक्स)

शुभमन गिल ने टेस्ट मैच में फील्डिंग का ऐसा अद्भुत नमूना पेश किया कि फैंस उन्हें जोंटी रोड्स से तुलना कर रहे हैं. कुलदीप यादव की गेंद पर हवा में उड़कर पकड़ा ये हैरतअंगेज कैच.

विज्ञापन

Shubman Gill Catch: गॉल टेस्ट के तीसरे दिन भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने फील्डिंग में ऐसा कमाल दिखाया कि सोशल मीडिया पर फैंस को दक्षिण अफ्रीका के महान फील्डर जोंटी रोड्स की याद आ गई. कुलदीप यादव की गेंद पर गिल ने अपनी बाईं ओर हवा में फुल स्ट्रेच डाइव लगाते हुए एक हाथ से कामिंदु मेंडिस का ऐसा शानदार कैच पकड़ा, जिसे देखकर बल्लेबाज भी हैरान रह गया.

हवा में छलांग लगाकर गिल ने पकड़ा कैच

कुलदीप की गेंद पर कामिंदु मेंडिस ने आगे बढ़कर शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर की दिशा में शॉट खेलने की कोशिश की. गेंद बल्ले के बीचोंबीच नहीं आई और हवा में उछल गई. शॉर्ट एक्स्ट्रा कवर पर तैनात शुभमन गिल ने गेंद को हवा में देखा और तुरंत अपनी बाईं ओर छलांग लगा दी. गेंद जमीन के बेहद करीब पहुंच चुकी थी, लेकिन गिल ने फुल स्ट्रेच करते हुए एक हाथ से उसे लपक लिया. कैच पूरा होते ही गिल ने जोरदार अंदाज में जश्न मनाया. दूसरी तरफ मेंडिस को भी कुछ पल के लिए यकीन नहीं हुआ कि गिल ने इतनी दूर जाकर यह कैच पकड़ कैसे लिया.

14 रन बनाकर पवेलियन लौटे मेंडिस

कामिंदु मेंडिस 25 गेंदों पर 14 रन बनाकर आउट हुए. उनका विकेट श्रीलंका के लिए अहम था, क्योंकि वह टीम के प्रमुख बल्लेबाजों में शामिल हैं. गिल के इस कैच ने श्रीलंका को 59 रन के स्कोर पर चौथा झटका दिया. इसके बाद भी भारतीय गेंदबाजों का दबदबा कायम रहा. रवींद्र जडेजा ने धनंजय डी सिल्वा को 21 रन पर आउट कर श्रीलंका को पांचवां झटका दिया और टीम का स्कोर 90 रन पर पांच विकेट हो गया.

Also Read: अपने स्पेल की पहली ही गेंद पर इस बल्लेबाज को सुथार ने भेजा पवेलियन, लंच ब्रेक से पहले चटकाए 2 विकेट

गिल के कैच की कमेंट्री बॉक्स में भी तारीफ

शुभमन गिल के इस कैच को देखकर कमेंट्री कर रहे पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर भी उनकी तारीफ करने से नहीं रुके. उन्होंने गिल के शानदार स्ट्रेच और कैच को लेकर उनकी फील्डिंग की सराहना की. सोशल मीडिया पर भी गिल के इस कैच का वीडियो तेजी से वायरल हुआ और फैंस ने उनकी तुलना जोंटी रोड्स से करनी शुरू कर दी.

लंच तक श्रीलंका के 5 विकेट गिरे

पहले सेशन की समाप्ति तक श्रीलंका ने 99 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे. सोनल दिनुशा 14 और निरोशन डिकवेला 8 रन बनाकर नाबाद थे. भारत की ओर से मानव सुथार ने दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा को एक-एक सफलता मिली. भारत ने पहली पारी में 462 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था. 56 ओवर के बाद श्रीलंका भारत से 252 रन पीछे है.

Also Read: 30 टेस्ट, 30 अलग मैदान... यह भारतीय खिलाड़ी पहुंचा सचिन तेंदुलकर के खास रिकॉर्ड के पास


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola