SL vs IND: टेस्ट सीरीज से पहले भारत के लिए आई अच्छी खबर, वॉर्म-अप मैच में बैटिंग करने उतरे शुभमन गिल

Updated:
विज्ञापन

शुभमन गिल (फोटो—एक्स)

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम के लिए अच्छी खबर है. कप्तान शुभमन गिल चोट के बाद अभ्यास मैच में बल्लेबाजी करने उतरे. उनकी वापसी से टीम का मनोबल बढ़ा है.

विज्ञापन

Ind vs Sl Test Series: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले भारतीय टीम के लिए राहत की खबर सामने आई है. कप्तान शुभमन गिल चोट के कारण अभ्यास मैच के शुरुआती दो दिन मैदान से दूर रहने के बाद संडे को श्रीलंका इलेवन के खिलाफ तीन दिवसीय मुकाबले की दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरे. गिल ने ओपनर यशस्वी जायसवाल के साथ भारतीय पारी की शुरुआत की.

ट्रेनिंग के दौरान लगी थी चोट

गिल को अभ्यास मैच से पहले ट्रेनिंग सेशन के दौरान दाएं हाथ की रिंग फिंगर में गेंद लग गई थी. चोट के कारण उन्होंने मुकाबले के पहले दो दिन बल्लेबाजी नहीं की, जबकि उनकी गैरमौजूदगी में केएल राहुल टीम की कप्तानी कर रहे थे. हालांकि संडे को गिल ने नेट्स में एक घंटे से ज्यादा समय तक बल्लेबाजी का अभ्यास किया और इसके बाद दूसरी पारी में मैदान पर उतरकर अपनी फिटनेस को लेकर सकारात्मक संकेत दिए. शुभमन गिल भारतीय बल्लेबाजी क्रम के अहम खिलाड़ी माने जाते हैं. उन्होंने अब तक 41 टेस्ट में 2969 रन बनाए हैं, जिसमें 11 शतक शामिल हैं.

207 रन का मिला लक्ष्य

श्रीलंका इलेवन ने दूसरी पारी में 45 ओवर में छह विकेट पर 200 रन बनाकर पारी घोषित कर दी. निशान मदुशंका ने 63 रन बनाए, जबकि निपुण धनंजय ने 46 और अंजला बंदारा ने 35 रन का योगदान दिया. भारत की ओर से गुरनूर बराड़ और रवींद्र जडेजा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा को एक-एक सफलता मिली. श्रीलंका की बढ़त के चलते भारत को जीत के लिए 207 रन का लक्ष्य मिला.

Also Read: लियोनेल मेसी के पिता जॉर्ज मेसी का 68 साल की उम्र में निधन, लंबे समय से चल रहा था इलाज

भारत ने पहली पारी में बनाए 357 रन

भारत ने अपनी पहली पारी 357/6 के स्कोर पर घोषित की. इससे पहले श्रीलंका इलेवन ने पहली पारी में 363/8 रन बनाकर पारी घोषित की थी और भारत के मुकाबले छह रन की बढ़त हासिल की. भारत की पहली पारी में देवदत्त पडिक्कल ने नाबाद 142 रन की शानदार पारी खेली, जबकि रवींद्र जडेजा ने 63 रन बनाए. गुरनूर बराड़ ने भी 36 रन की तेज पारी खेली.

15 अगस्त से शुरू होगी टेस्ट सीरीज

भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला मुकाबला 15 अगस्त से गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है. वहीं दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब ग्राउंड में होगा. करीब नौ साल बाद भारतीय टीम श्रीलंका में टेस्ट सीरीज खेलने उतरेगी.

Also Read: सीओई सिर्फ रिहैब सेंटर नहीं... चोटिल खिलाड़ियों पर उठे सवालों पर बोले वीवीएस लक्ष्मण


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola