जूनियर निशानेबाजों ने भारत को रजत और कांस्य पदक दिलाये

Updated at : 11 Sep 2018 5:19 PM (IST)
विज्ञापन
जूनियर निशानेबाजों ने भारत को रजत और कांस्य पदक दिलाये

चांगवोन (दक्षिण कोरिया) : भारत के जूनियर निशानेबाजों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप की पुरुष स्कीट स्पर्धा में पहली बार देश को टीम और व्यक्तिगत वर्ग में पदक दिलाये. पुरुष स्कीट टीम ने रजत पदक जीता जबकि इसी स्पर्धा में गुरनिहाल सिंह गार्चा ने व्यक्तिगत कांस्य पदक […]

विज्ञापन

चांगवोन (दक्षिण कोरिया) : भारत के जूनियर निशानेबाजों ने अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए मंगलवार को यहां आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप की पुरुष स्कीट स्पर्धा में पहली बार देश को टीम और व्यक्तिगत वर्ग में पदक दिलाये.

पुरुष स्कीट टीम ने रजत पदक जीता जबकि इसी स्पर्धा में गुरनिहाल सिंह गार्चा ने व्यक्तिगत कांस्य पदक हासिल किया. विश्व चैंपियनशिप में इससे पहले भारत ने अपने सभी शाटगन पदक ट्रैप और डबल ट्रैप स्पर्धाओं में जीते हैं. यह पहला मौका है जब भारतीय स्कीट निशानेबाज इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता से पदक के साथ लौट रहे हैं.

गुरनिहाल (119), अनंतजीत सिंह नारुका (117) और आयुश रुद्रराजू (119) की तिकड़ी ने 355 अंक के साथ दूसरा स्थान हासिल किया. सोमवार को पहले दिन के क्वालीफाइंग मुकाबले के बाद भारतीय टीम शीर्ष पर चल रही थी. उन्नीस साल के गुरनिहाल ने छह निशानेबाजों के व्यक्तिगत फाइनल में भी जगह बनाई और 46 अंक के साथ कांस्य पदक जीता.

यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे बड़ी उपलब्धि है. इटली के एलिया सद्रुसिओली ने 55 अंक के साथ स्वर्ण जबकि अमेरिका के निक मोशेटी ने 54 अंक के साथ रजत पदक जीता. भारत पदक तालिका में सात स्वर्ण, आठ रजत और सात कांस्य पदक सहित कुल 22 पदक हासिल करके आईएसएसएफ की इस शीर्ष अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में चौथे स्थान पर चल रहा है.यह 2020 ओलंपिक का पहला क्वालीफाइंग टूर्नामेंट भी है. टीम स्पर्धा में चेक गणराज्य ने 356 अंक के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया. इटली ने 354 अंक के साथ कांस्य पदक जीता. जूनियर महिला 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में भारतीय टीम 3383 अंक के साथ 14वें स्थान पर रही.

भारतीय टीम में शामिल भक्ति खामकर (1132), शिरिन गोदारा (1130) और आयुषी पोडेर (1121) व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने में विफल रहे. सीनियर निशानेबाज का निराशाजनक प्रदर्शन हालांकि आज भी जारी रहा जब महिला स्कीट टीम 319 अंक के साथ नौवें स्थान पर रही.

रश्मी राठौड़ (108), महेश्वरी चौहान (106) और गनेमत सेखों (105) व्यक्तिगत फाइनल में जगह नहीं बना सके. भारत की अंजुम मोदगिल और अपूर्वी चंदेला ही इस प्रतियोगिता से महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में ओलंपिक कोटा हासिल करने में सफल रही हैं.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola