किदाम्‍बी श्रीकांत कोरिया के सोन वान हो से हारकर बैडमिंटन विश्व चैंपियनशिप से बाहर

Published by : Prabhat Khabar Digital Desk Updated At : 25 Aug 2017 5:11 PM

विज्ञापन

ग्लास्गो : किदाम्बी श्रीकांत का विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिये पदक जीतने का सपना आज यहां पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में कोरिया के विश्व में नंबर एक सोन वान हो के हाथों सीधे गेम हारने के साथ ही टूट गया. श्रीकांत को भारतीय खिलाडि़यों में पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था […]

विज्ञापन

ग्लास्गो : किदाम्बी श्रीकांत का विश्व चैंपियनशिप में भारत के लिये पदक जीतने का सपना आज यहां पुरुष एकल के क्वार्टर फाइनल में कोरिया के विश्व में नंबर एक सोन वान हो के हाथों सीधे गेम हारने के साथ ही टूट गया. श्रीकांत को भारतीय खिलाडि़यों में पदक का प्रबल दावेदार माना जा रहा था क्योंकि वह इस समय अच्छी फार्म में चल रहे थे.

उन्होंने इंडोनेशिया और आस्ट्रेलिया में खिताब जीते थे और सिंगापुर में वह दूसरे स्थान पर रहे थे. श्रीकांत ने इस मैच से पहले जून में सोन वान पर दो मैचों (इंडोनेशिया सुपर सीरीज और आस्ट्रेलिया सुपर सीरीज) में जीत दर्ज की थी लेकिन आज के मैच में इसका कोई प्रभाव देखने को नहीं मिला और कोरियाई खिलाड़ी ने शानदार खेल का प्रदर्शन करके 49 मिनट तक चले मुकाबले में 21-14, 21-18 से जीत दर्ज की.

भारतीय खिलाडी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सोन वान ने 6-1 से बढ़त बना दी लेकिन भारतीय खिलाडी ने धीरे-धीरे लय हासिल की और वह स्कोर को 5-6 तक ले गये. उनके मूवमेंट बेहतर थे और अपने स्मैश के दम पर वह स्कोर को 8-8 से बराबरी पर ले गये. सोन वान भी हालांकि कोई ढिलायी बरतने के मूड में नहीं थे. उन्होंने इसके बाद लगातार तीन अंक बनाये और पहले ब्रेक के बाद वह 11-8 से आगे थे.

इसके बाद दोनों खिलाडि़यों के बीच अच्छी रैलियां देखने को मिली. श्रीकांत ने दोनों के बीच अंतर 12-13 कर दिया लेकिन सोन वान ने फिर से 15-12 से बढ़त हासिल कर दी. श्रीकांत ने इसके बाद कुछ गलतियां की जिसका सोन वान ने पूरा फायदा उठाया और वह 19-13 से आगे हो गये. कोरियाई खिलाड़ी के पास छह गेम प्वाइंट थे और जब भारतीय खिलाड़ी ने नेट पर शाट लगाया तो वह इस गेम को जीतने में सफल रहे.

दूसरे गेम में श्रीकांत को शुरू में लय हासिल करने के लिये जूझना पड़ा जिससे सोन वान ने सात अंक की बढ़त हासिल कर ली. ब्रेक के बाद श्रीकांत ने धैर्य से काम लिया और कुछ महत्वपूर्ण अंक जुटाये लेकिन वह फिर से पावर गेम पर लौट आये जिसका उन्हें फायदा नहीं मिला और कोरियाई 13-5 से आगे हो गया. इसके बाद श्रीकांत अपने असली रंग में दिखे.

उन्होंने लगातार सात अंक बनाकर स्कोर 12-16 किया लेकिन सोन वान यहां पर उनकी लय तोड़ने में सफल रहे. भारतीय खिलाड़ी ने एक शाट बाहर और एक नेट पर मारा जिससे सोन वान 19-14 से आगे हो गये. कोरियाई खिलाड़ी इसके बाद एक बार शटल का सही अनुमान नहीं लगा पाये जिससे श्रीकांत को अंक मिला.

भारतीय खिलाड़ी ने दो करारे स्मैश से स्कोर 18-19 कर दिया था. श्रीकांत ने हालांकि इसके बाद फिर से शटल को जाली में उलझाया जिससे सोन वान मैच प्वाइंट पर आ गये. भारतीय खिलाड़ी ने फिर से नेट पर शाट मारा और इस तरह से कोरियाई ने श्रीकांत के लगातार 13 मैच जीतने के अभियान पर विराम लगा दिया.

विज्ञापन
Prabhat Khabar Digital Desk

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola