गॉल टेस्ट में श्रीलंका के लिए आई बुरी खबर, फील्डिंग के दौरान इस सीनियर खिलाड़ी को ले जाया गया अस्पताल

Updated:
विज्ञापन

दिनेश चांदीमल (फोटो—एक्स)

भारत और श्रीलंका के बीच गॉल टेस्ट के चौथे दिन श्रीलंकाई बल्लेबाज दिनेश चांदीमल फील्डिंग के दौरान चोटिल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जिससे टीम की मुश्किलें बढ़ गई हैं.

विज्ञापन

Dinesh Chandimal Injury: भारत और श्रीलंका के बीच गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट के चौथे दिन मेजबान टीम को बड़ा झटका लगा. अनुभवी बल्लेबाज दिनेश चांदीमल मैदान पर चोटिल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा. चांदीमल को दाएं कंधे और गर्दन के हिस्से में चोट लगी है. श्रीलंका क्रिकेट ने बताया कि एहतियात के तौर पर उनका स्कैन कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद उनकी स्थिति को लेकर आगे की जानकारी दी जाएगी.

बाउंड्री बचाने की कोशिश में लगी चोट

यह घटना भारतीय पारी के चौथे ओवर के खत्म होने के दौरान हुई. केएल राहुल के शॉट को बाउंड्री तक पहुंचने से रोकने के लिए चांदीमल डीप मिडविकेट से तेजी से दौड़ते हुए आए और गेंद को बचाने के लिए हवा में डाइव लगा दी. चांदीमल ने गेंद को बाउंड्री पार जाने से रोकने में सफलता हासिल की, लेकिन उनका लैंडिंग बेहद असहज रहा. वह कंधे के बल जोर से गिरे और उनका शरीर पलट गया. इसके बाद वह काफी देर तक मैदान पर ही लेटे रहे और गर्दन तथा कंधे को पकड़ते नजर आए.

खुद चलकर ड्रेसिंग रूम पहुंचे

चांदीमल की हालत देखकर श्रीलंकाई खिलाड़ी, फिजियो और टीम के डॉक्टर तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे. कुछ देर मैदान पर उपचार मिलने के बाद चांदीमल सावधानी से खुद चलकर ड्रेसिंग रूम की ओर गए. इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी चोट की गंभीरता पता लगाने के लिए एहतियाती स्कैन कराया जा रहा है. उनकी गैरमौजूदगी में पासिंडु सोरियाबंदर को मैदान पर स्थानापन्न फील्डर के तौर पर उतारा गया.

Also Read: IND vs SL Test Day 4: दूसरी पारी में पडिक्कल 44 रन बनाकर आउट, लंच तक भारत का स्कोर 116/4

श्रीलंका के लिए इसलिए अहम है चांदीमल

36 वर्षीय चांदीमल श्रीलंका के सबसे अनुभवी बल्लेबाजों में शामिल हैं. हालांकि, गॉल टेस्ट की पहली पारी में उनका बल्ला नहीं चला और वह केवल 4 रन बनाकर आउट हो गए थे. श्रीलंका की पूरी टीम 284 रन पर सिमट गई थी, जिसके बाद भारत ने पहली पारी में 178 रन की बढ़त हासिल की. चांदीमल की चोट ऐसे समय आई है जब श्रीलंका को मैच के आखिरी चरण में बड़ा लक्ष्य हासिल करने के लिए अपनी बल्लेबाजी को मजबूत रखना होगा. यदि स्कैन में गर्दन की चोट गंभीर पाई जाती है, तो श्रीलंका को आगे की पारी में उनके विकल्प को लेकर अतिरिक्त फैसला करना पड़ सकता है.

भारत के पास 336 रन की बढ़त

चौथे दिन के पहले सत्र तक भारत ने अपनी दूसरी पारी में 5 विकेट खोकर 158 रन बना लिए थे. ऋषभ पंत 53 और जडेजा 4 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. पहली पारी में भारत ने 462 रन बनाए थे, जबकि श्रीलंका 284 रन पर ऑलआउट हो गया था. बॉलिंग में भारत की ओर से मानव सुथार ने 4 और रवींद्र जडेजा ने 3 विकेट लिए थे.

Also Read: Video: बल्लेबाज के शॉट से अंपायर हुआ चोटिल, DPL में दिखा ये दर्दनाक नजारा


विज्ञापन
अभिजीत कुमार

लेखक के बारे में

By अभिजीत कुमार

अभिजीत कुमार पत्रकारिता जगत में दो वर्षों का अनुभव रखने वाले युवा पत्रकार हैं. उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), ढेंकानाल से पत्रकारिता एवं जनसंचार की पढ़ाई की है. अपने पेशेवर सफर में उन्होंने रिपोर्टिंग, सब-एडिटिंग, पेज डिजाइन और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र में कार्य किया है. वर्तमान में वह प्रभात खबर के स्पोर्ट्स डेस्क में कार्यरत हैं, जहां खेल जगत से जुड़ी खबरों के संपादन, लेखन और प्रस्तुतीकरण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं.

Prabhat Khabar App :

देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए

Download from Google PlayDownload from App Store
विज्ञापन
Sponsored Linksby Taboola