संजीव गोयनका हुए मुकुल चौधरी के मुरीद, पोस्ट में टीम को लेकर कही यह बात

संजीव गोयनका ने की मुकुल चौधरी की तारीफ, Pic- PTI
Sanjeev Goenka Praises Mukul Choudhary: आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को रोमांचक मैच में 3 विकेट से हरा दिया है. इस शानदार जीत के बाद टीम के मालिक संजीव गोयनका काफी खुश हैं. उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके 21 साल के बल्लेबाज मुकुल चौधरी की जमकर तारीफ की है.
Highlights
Sanjeev Goenka Praises Mukul Choudhary: कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर 9 अप्रैल को आईपीएल 2026 का रोमांचक मैच खेला गया. लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के 181 रनों के लक्ष्य को पार करते हुए 3 विकेट से शानदार जीत हासिल की. इस जीत के बाद लखनऊ टीम के मालिक संजीव गोयनका काफी खुश नजर आए. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करके अपनी टीम के 21 साल के युवा बल्लेबाज मुकुल चौधरी की जमकर तारीफ की. गोयनका ने मुकुल को इस मैच का असली सितारा बताया है.
संजीव गोयनका ने अपनी पोस्ट में क्या लिखा
मैच के बाद संजीव गोयनका ने अपनी पोस्ट में खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर बात की. उन्होंने लिखा कि पूरी टीम के एक साथ मिलकर खेलने के कारण हम जीत पाए हैं, लेकिन यह रात मुकुल चौधरी के नाम रही. गोयनका ने कहा कि मैदान पर मुकुल का आत्मविश्वास और हुनर पूरी तरह से दिखाई दिया. उन्होंने आयुष बडोनी के अच्छे खेल और कप्तान ऋषभ पंत की बेहतरीन कप्तानी को भी इस जीत का कारण माना. टीम मालिक ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी इस टीम पर आज और हमेशा गर्व रहेगा.
21 साल के मुकुल चौधरी का कमाल
इस मैच में लखनऊ की जीत के सबसे बड़े हीरो युवा मुकुल चौधरी रहे. जब टीम बहुत बड़े संकट में थी, तब इस बल्लेबाज ने मोर्चा संभाला. मुकुल ने सिर्फ 27 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 54 रन बनाए. अपनी इस तेज पारी में उन्होंने 2 चौके और 7 बड़े छक्के लगाए. आखिरी ओवर में लखनऊ को जीत के लिए रन चाहिए थे. उस समय मुकुल ने गेंदबाज वैभव अरोड़ा की गेंदों पर लगातार दो छक्के लगाकर मैच अपनी टीम के पक्ष में खत्म कर दिया.
मुश्किल समय में आयुष बडोनी ने संभाली पारी
लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत इस लक्ष्य का पीछा करते हुए बहुत खराब रही थी. मिचेल मार्श 15 रन, एडन माक्ररम 22 रन और कप्तान ऋषभ पंत 10 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए थे. निकोलस पूरन और अब्दुल समद भी रन बनाने में फ्लॉप रहे. ऐसे मुश्किल समय में आयुष बडोनी ने एक छोर पर डटकर बल्लेबाजी की. बडोनी ने 34 गेंदों में 54 रनों की जरूरी पारी खेली, जिससे टीम की उम्मीदें जिंदा रहीं.
KKR के 181 रन पड़े कम
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए कोलकाता की टीम ने अच्छी शुरुआत की थी. केकेआर के लिए अजिंक्य रहाणे ने 41 रन और अंगकृष रघुवंशी ने 45 रन बनाए. इसके बाद अंत के ओवरों में कैमरून ग्रीन ने 32 रन और रोवमैन पॉवेल ने 39 रन जोड़कर टीम का स्कोर 181 रनों तक पहुंचा दिया. इसके बावजूद मुकुल और बडोनी की जोरदार बल्लेबाजी के आगे कोलकाता के गेंदबाज बेअसर साबित हुए. इस सीजन में यह लखनऊ की दूसरी जीत है, जबकि कोलकाता को अपनी तीसरी हार का सामना करना पड़ा है.
ये भी पढ़ें-
IPL 2026: अनकैप्ड खिलाड़ियों का धमाल, वैभव, समीर और मुकुल ने जीता दिल
अर्जुन तेंदुलकर की भविष्यवाणी सच, छक्कों की बारिश से मुकुल चौधरी ने पलटा मैच
पिता का कर्ज और बिक चुका घर… कुछ ऐसी है मुकुल चौधरी के क्रिकेटर बनने की कहानी
प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी
लेखक के बारे में
By Aditya Kumar Varshney
आदित्य वार्ष्णेय एक अनुभवी खेल पत्रकार हैं, जो वर्तमान में कंटेंट राइटर के रूप में प्रभात खबर के साथ जुड़े हुए हैं. वह पिछले 5 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और स्पोर्ट्स बीट में गहरी पकड़ रखते हैं. आप क्रिकेट, फुटबॉल हॉकी, टेनिस और चेस जैसे खेलों पर लिखना पसंद करते हैं. आप मैच रिपोर्ट, विश्लेषणात्मक लेख, फीचर स्टोरी और एक्सप्लेनर आधारित कंटेंट तैयार करते हैं. आपने प्रभात खबर से पहले भारत समाचार में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (आउटपुट विभाग) के रूप में काम किया है, वहीं स्टार स्पोर्ट्स में असिस्टेंट प्रोड्यूसर (क्रिकेट, हिंदी फीड) के तौर पर भी काम कर चुके हैं. आपके पास ब्रॉडकास्ट और डिजिटल दोनों प्लेटफॉर्म का मजबूत अनुभव है.
Prabhat Khabar App :
देश, एजुकेशन, मनोरंजन, बिजनेस अपडेट, धर्म, क्रिकेट, राशिफल की ताजा खबरें पढ़ें यहां. रोजाना की ब्रेकिंग हिंदी न्यूज और लाइव न्यूज कवरेज के लिए डाउनलोड करिए




